- Home
- मुख्य समाचार
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
नई पर्यटन नीति से बेरोजगारों को हो रहा है लाभः श्री ताम्रध्वज साहू
ट्राइबल टूरिज्म में बन रही है छत्तीसगढ़ की अलग पहचान
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल विकास की नीति अपनाकर राज्य की जनता के लिए काम कर रहे हैं और इस नीति से प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पिछले साढ़े तीन वर्षों में सर्वाधिक नक्सलियों ने सरेंडर किया है और उनकी गिरफ्तारी की गई है। छत्तीसगढ़ में पहले नक्सलियों के उन्मूलन के लिए कैंप लगाए जाते थे और अब बस्तर के विकास के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं जिसकी वजह से ग्रामीण खुद कैंप लगाने के लिए सरकार से कहते हैं। उक्त बातें छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने एक टीवी चैनल के साक्षात्कार में कही हैं। स्वराज एक्सप्रेस के 'बदल गे छत्तीसगढ़ संवर गे छत्तीसगढ़' में सवालों के जवाब दे रहे थे।
गृह,पर्यटन एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा है कि ग्रामीणों का मुख्यमंत्री की योजनाओं पर पूरा विश्वास है। आज अबूझमाड़ जैसी जगहों पर भी खेती हो रही है और ग्रामीण 65 प्रकार के लघु वनोपज बेच रहे हैं। श्री साहू ने कहा है कि वर्तमान में अपराध का प्रकार बदल रहा है और उसी के अनुसार ही छत्तीसगढ़ की पुलिसिंग भी बदल रही है। इसी कड़ी में पुलिस द्वारा साइबर अपराधों को लेकर लोगों को लगातार जागरूक करने का भी काम किया जा रहा है।
श्री साहू ने कहा है कि छत्तीसगढ़ नई पर्यटन नीति लागू होने के बाद इस क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा है। ट्राइबल टूरिज्म में छत्तीसगढ़ की अलग पहचान बन रही है और राम वन गमन पथ के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने 75 स्थानों का चिन्हांकन किया है जिसमें से पहले चरण में 9 स्थानों को विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के मैदानी इलाकों के पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए प्रोजेक्ट तैयार हैं जिसमें सिरपुर जैसे स्थान शामिल हैं।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार सभी संभागों में पुलों के निर्माण कार्यों की मिली स्वीकृति
7 जिलों में 39 पुलों के निर्माण के लिए 927.27 करोड़ रूपए की मिली प्रशासकीय स्वीकृति
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राज्य मे पुल पुलियों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने की बात कही है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने कई जिलों में नए निर्माण कार्यों की घोषणाएं भी की हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार पुल निर्माण के लिए जगदलपुर, अम्बिकापुर, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर में 10 कार्यों की स्वीकृति दे दी गई है। इसके साथ ही दस कार्यों का प्राक्कलन भी भेज दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू को जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ में 10 करोड़ रूपए से अधिक लागत के कुल 39 पुलों के कार्य हेतु जगदलपुर, अम्बिकापुर, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर एवं कांकेर में 927.27 करोड़ रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिसमें से 602 करोड़ रूपए खर्च किए जा चुके हैं। विभागीय अधिकारियों ने ये जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना अंतर्गत 495 करोड़ की लागत के कुल 4132 कार्य स्वीकृत हैं, जिसमें से 2245 कार्य पूर्ण, 870 कार्य प्रगतिरत हैं एवं 973 कार्य निविदा स्तर पर है। इसके साथ ही ए.डी.बी. प्रोजेक्ट के अंतर्गत कुल 24 कार्य प्रगतिरत है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार आर.पी.सी.एल.डब्ल्यू.ई. योजनांतर्गत 3535 करोड़ की लागत के कुल 310 स्वीकृत कार्य में से अब तक 161 मार्ग पूर्ण, 07 पुल निर्माण पूर्ण, 139 कार्य प्रगति पर एवं 03 कार्यों की पुनर्निविदा की गई है।समीक्षा बैठक में ये जानकारी दी गई है कि आयोजनोत्तर मद में 452 करोड़ की लागत के कुल 1050 स्वीकृत कार्य में से अब तक 827 कार्य पूर्ण, 176 कार्य प्रगति पर एवं 47 कार्य निविदा स्तर पर हैं।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार जर्जर सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों के मरम्मत एवं संधारण के कार्य जारी है तथा समय-समय पर संबंधित अधिकारियों द्वारा इनका निरीक्षण भी किया जा रहा है। ई-श्रेणी पंजीयन अंतर्गत लगभग 06 हजार युवाओं का पंजीयन हुआ है, जिन्हें लगभग 300 करोड़ के कार्य स्वीकृत किये गये हैं और अनुबंध के प्रावधान अनुसार लगभग 3500 इंजीनियरों को नियोजित किया गया है।
-
एजेंसी
मंदिर पक्ष की ओर से इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी एक अर्जी दाखिल की गई थी। जिसमें, मांग की गई थी कि निचली अदालत में दाखिल अर्जी का निस्तारण जल्दी कर दिया जाए। कोर्ट ने सुन्नी वक्फ बोर्ड और मंदिर पक्ष की ओर से सुनवाई पूरी करने के बाद निचली अदालत को यह निर्देश दिया।
शाही इमाम मस्जिद और श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद मामले में सर्वे के लिए मंदिर पक्ष की ओर से निचली अदालत में दाखिल अर्जी पर 4 महीने में सुनवाई पूरी करने का निर्देश इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दिया है। कोर्ट ने कहा कि निचली अदालत मामले में 4 महीने में सुनवाई पूरी करें। निचली अदालत में मस्जिद के सर्वे कराने को लेकर अर्जी दाखिल की गई है। जिस पर सुनवाई चल रही है।
मंदिर पक्ष की ओर से इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी एक अर्जी दाखिल की गई थी। जिसमें, मांग की गई थी कि निचली अदालत में दाखिल अर्जी का निस्तारण जल्दी कर दिया जाए। कोर्ट ने सुन्नी वक्फ बोर्ड और मंदिर पक्ष की ओर से सुनवाई पूरी करने के बाद निचली अदालत को यह निर्देश दिया।
यह मंदिर तीन बार टूटा और चार बार बनाया गयामथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर बने मंदिर का इतिहास रोचक है। यह मंदिर तीन बार टूटा और चार बार बनाया गया है। इस जगह पर मालिकाना हक के लिए दो पक्षों में कोर्ट में विवाद भी चला। जिस जगह पर आज कृष्ण जन्मस्थान है, वहां पांच हजार साल पहले मल्लपुरा क्षेत्र के कटरा केशव देव में राजा कंस का कारागार हुआ करता था। इसी कारागार में भगवान कृष्ण ने जन्म लिया था। कटरा केशव देव को भी कृष्ण जन्मभूमि माना है। इतिहासकारों के अनुसार, सम्राट चंद्रगुप्त विक्रमादित्य द्वारा बनवाए गए इस भव्य मंदिर पर महमूद गजनवी ने सन 1017 ई. में आक्रमण कर इसे लूटने के बाद तोड़ दिया था।
1982 में पूरा हुआ वर्तमान मंदिर का निर्माण कार्यश्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट की स्थापना से पहले ही यहां रहने वाले कुछ मुसलमानों ने 1945 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल कर दी थी। इसका फैसला 1953 में आया। इसके बाद ही यहां निर्माण शुरू हो सका। यहां गर्भ गृह और भव्य भागवत भवन के पुनर्रुद्धार और निर्माण कार्य आरंभ हुआ, जो फरवरी 1982 में पूरा हुआ।
मुरादाबाद से उठी थी अयोध्या, मथुरा, काशी की मुक्ति की आवाजश्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि 1983 में मुरादाबाद में हिंदू जागरण मंच का सम्मेलन हुआ था। जिसमें अयोध्या, मथुरा, काशी के लिए आंदोलन की आवाज पहली बार उठी थी। अयोध्या में आंदोलन की जिम्मेदारी अशोक सिंघल को सौंपी गई। 1990 में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना के बाद जब 1991 में मुलायम सिंह यादव मथुरा आए तो उनको काले झंडे दिखाए गए। इसके बाद देश भर में मुलायम सिंह जहां भी गए काले झंडे दिखाए गए। मथुरा से ही इस विरोध की शुरूआत हुई।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
कलेक्टर को दिए रेस्क्यू ऑपरेशन मॉनिटर करने के निर्देश
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने रमदहा जलप्रपात में हुए हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है साथ ही मुख्यमंत्री ने कोरिया कलेक्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
ज्ञातव्य है कि रमदहा जलप्रपात के बाहर बोर्ड में स्पष्ट चेतावनी लिखी है कि यहां नहाना सख्त मना है। इसके बाद भी परिवार वहां नहाने गया था। इन लोगों के द्वारा चेतावनी बोर्ड का पालन नहीं किया गया था।
उल्लेखनीय है कि आज रमदहा जलप्रपात में बैकुंठपुर मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर में एक दुखद हादसा हुआ है, जिसमें मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के 7 लोग पानी में डूब गए, जिसमें से 2 को बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है, जिसमें से एक की मृत्यु हो गयी है। दूसरे की हालत अभी सही है। शेष 5 लोगों की तलाश जारी है। सभी मध्यप्रदेश के निवासी हैं। पुलिस प्रशासन की टीम लगातार सर्चिंग कर रही है। इन लोगों के परिवार से भी सम्पर्क कर लिया है।
-
झारखंड : झारखंड में चल रहे सियासी संकट के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लगातार दूसरे दिन यूपीए विधायकों की बैठक बुलाई है। बैठक सीएम आवास पर बुलाई गई है। राज्यपाल उनके भविष्य पर कभी भी फैसला दे सकते हैं।
हेमंत सोरेन सरकार पर संकट गहरा गया है। खनन पट्टे मामले में चुनाव आयोग ने उनकी विधायकी रद्द करने की रिपोर्ट राज्यपाल को भेज दी है। राज्यपाल कभी भी अपना फैसला दे सकते हैं। ऐसे में सूबे की राजनीति में गहमागहमी का माहौल है। मुख्यमंत्री की विधायकों को एकजुट रखने और सरकार बचाने की कोशिश लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को तीसरी बार सीएम आवास पर यूपीए विधायकों की बैठक बुलाई गई है। इससे पहले शुक्रवार को सुबह 11 बजे और शाम सात बजे विधायकों की बैठक बुलाई गई थी।
यूपीए विधायकों की बैठक रांची में सीएम सोरेन के आवास पर सुबह 11 बजे होनी है। बैठकें सोरेन के राजनीतिक भविष्य को लेकर जारी अटकलों के बीच हो रही हैं। खनन पट्टे मामले में उनकी विधानसभा सदस्यता पर तलवार लटक रही है। बीजेपी ने उनपर खनन मंत्री रहते हुए अपने नाम पर खनन पट्टा आवंटित करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने राज्यपाल से जनप्रतिनिधि अधिनियम, 1951 की धारा 9 (ए) का उल्लंघन करने के लिए विधायक के रूप में उन्हें अयोग्यता घोषित करने की मांग की। जिसपर राज्यपाल ने आयोग ने सुझाव मांगा था।
राजभवन के फैसले का है इंतजार
विधायक सरफराज अहमद ने कहा कि बैठक में किसी तरह का कोई फैसला नहीं हुआ है। जबतक राजभवन की तरफ से रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती, तबतक हम स्थिति पर नजर रखेंगे। विधायक नलिन सोरेन ने कहा कि विधायकों के छत्तीसगढ़ जाने की बात केवल अफवाह हैं। हमारे पास 50 विधायकों का समर्थन हैं। सरकार पूरी तरह से स्थिर है। विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि राजभवन से अभी तक कोई निर्णय नहीं आया है। ऐसे में सीएम का चेहरा बदलेगा या कौन मुख्यमंत्री बनेंगे इस पर कोई फैसला नहीं हुआ है।
51 विधायक एकजुट हैं सत्यानंद
राजद कोटे से मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि राज्य की जो राजनीतिक परिस्थितियां हैं उस पर चर्चा की गई। महागठबंधन के सभी 51 विधायक एकजुट हैं। सरकार को कोई खतरा नहीं है। सरकार चल रही है और आगे भी चलेगी। विधायकों के प्रति सभी को विश्वास हैं। कोई कहीं बाहर दूसरे राज्य नहीं जा रहे हैं।
-
एजेंसी
भारतीय रेलवे की कम्प्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली में वरिष्ठ नागरिकों और 45 वर्ष से अधिक उम्र की महिला यात्रियों को ऑटोमेटिक लोअर बर्थ आवंटित करने का प्रावधान है, भले ही कोई विकल्प न दिया गया हो।
बुजुर्ग पैसेंजर के लिए ट्रेन में सफर करना आसान नहीं होता है। अगर बुजुर्ग पैसेंजर को ट्रेन में अपर बर्थ अलॉट हो जाए तो मुश्किलें बढ़ जाती हैं। ऐसी ही मुश्किल का सामना करने पर एक ट्विटर यूजर ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन IRCTC की तीखी आलोचना की है। इसके साथ ही ट्विटर यूजर ने IRCTC से पूछा कि वरिष्ठ नागरिकों को बर्थ अलॉट करने के लिए किस तरह के सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है।
क्या है मामला: ट्विटर यूजर ने लिखा- मेरे परिवार की दो बुजुर्ग महिलाएं, मां और दादी को अपर बर्थ अलॉट हुआ है। टिकट बनाने के लिए आप किस तरह के सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर रहे हैं? क्या आप 70-80 वर्ष की उम्र में अपर बर्थ पर चढ़ने में सक्षम होंगे? यूजर ने आगे लिखा कि एक बूढ़ी औरत कैसे अपनी सीट पर चढ़ेगी। एक गठिया रोगी कैसे अपर बर्थ पर चढ़ने में सक्षम होगा? कृपया मुझे जवाब दें! क्या यही जनता के प्रति आपकी सेवा है?
ट्विटर यूजर की आलोचना के जवाब में IRCTC की ओर से रेलवे सेवा के ट्विटर हैंडल से स्पष्टीकरण दिया गया है। इसमें बताया गया- भारतीय रेलवे की कम्प्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली में वरिष्ठ नागरिकों और 45 वर्ष से अधिक उम्र की महिला यात्रियों को ऑटोमेटिक लोअर बर्थ आवंटित करने का प्रावधान है, भले ही कोई विकल्प न दिया गया हो।
हालांकि, यह बुकिंग के समय उपलब्ध लोअर बर्थ पर निर्भर करता है। आगे बताया गया कि ट्रेनों में सफर के दौरान भी टिकट चेकिंग स्टाफ वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्धता के आधार पर लोअर बर्थ आवंटित करने के लिए अधिकृत हैं।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करता है पोला पर्व
खेती किसानी में पशुधन के योगदान को नमन करने का त्यौहार
रायपुर : भारतीय संस्कृति में पशु पूजा की परम्परा रही है, इसके प्रमाण सिन्धु सभ्यता में भी मिलते हैं। खेती किसानी में पशुधन के महत्व को दर्शाने वाला पोला पर्व छत्तीसगढ़ के सभी अंचलों में परम्परागत रूप से उत्साह के साथ मनाया जाता है। खेती किसानी में पशुधन का उपयोग के प्रमाण प्राचीन समय से मिलते हैं। पोला मुख्य रूप से खेती-किसानी से जुड़ा त्यौहार है। भादों माह में खेती किसानी का काम समाप्त हो जाने के बाद अमावस्या को यह त्यौहार मनाया जाता है। चूंकि इसी दिन अन्न माता गर्भ धारण करती है अर्थात धान के पौधों में इस दिन दूध भरता है। इसीलिए यह त्यौहार मनाया जाता है। पोला पर्व महिलाओं, पुरूषों और बच्चों के लिए भी विशेष महत्व रखता है।
पोला पर्व के पीछे मान्यता है कि विष्णु भगवान जब कान्हा के रूप में धरती में आये थे, जिसे कृष्ण जन्माष्टमी के रूप में मनाया जाता है, तब जन्म से ही उनके कंस मामा उनकी जान के दुश्मन बने हुए थे, कान्हा जब छोटे थे और वासुदेव-यशोदा के यहां रहते थे, तब कंस ने कई बार कई असुरों को उन्हें मारने भेजा था। एक बार कंस ने पोलापुर नामक असुर को भेजा था, इसे भी कृष्ण ने अपनी लीला के चलते मार दिया था और सबको अचंभित कर दिया था। वह दिन भादों माह की अमावस्या का दिन था। इस दिन से इसे पोला कहा जाने लगा, इस दिन को बच्चों का दिन कहा जाता है।
पोला पर्व के पहले छत्तीसगढ़ में विवाहित बेटियों को ससुराल से मायका लाने की परंपरा है। पोला के बाद बेटियां तीज का त्यौहार मनाती है। तीज के पर्व के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने सामान्य अवकाश की घोषणा की है। पोला त्यौहार किसानों के लिए विशेष महत्व रखता है। किसान इस दिन धान की फसल धान लक्ष्मी का प्रतीक मानकर, अच्छी और भरपूर फसल की कामना की कामना करते हैं। इस दिन सुबह से किसानों द्वारा बैलों को नहलाकर पूजा अर्चनाकर कृषि कार्य के लिए दुगने उत्साह से जुटने प्रण लेते हैं। बैलों की पूजा के बाद किसानों और ग्वालों के द्वारा बैल दौड़ का आयोजन जाता है। छोटे बच्चे भी मिट्टी के बैलों की पूजा करते हैं। जहां उन्हें दक्षिणा मिलती हैं। गांवों में कबड्डी, फुगड़ी, खो-खो, पिट्टुल जैसे खेलकूद का आयोजन होता है। मिट्टी के बैलों को लेकर बच्चे घर-घर जाते हैं। यह त्योहार पशुधन संवर्धन और संरक्षण की आज भी प्रेरणा देता है।
छत्तीसगढ़ धान की खेती सबसे ज्यादा होती है इसलिए यहां चावल और इससे बनने वाले छत्तीसगढ़ी पकवान विशेषरूप से बनाए जाते हैं। इस दिन चीला, अइरसा, सोंहारी, फरा, मुरखू, देहरौरी सहित कई अन्य पकवान जैसे ठेठरी, खुर्मी, बरा, बनाए जाते हैं। इन पकवानों को मिट्टी के बर्तन, खिलौने में भरकर पूजा की जाती है, इसके पीछे मान्यता है कि घर धनधान्य से परिपूर्ण रहे। बालिकाएं इस दिन घरों में मिट्टी के बर्तनों से सगा-पहुना का खेल भी खेलती हैं। इससे सामाजिक रीति रिवाज और आपसी रिश्तों और संस्कृति को समझने का भी अवसर मिलता है। इस दिन छत्तीसगढ़ में गेड़ी का जुलूस निकाला जाता है। गड़ी, बांस से बनाया जाता है जिसमें एक लम्बा बांस में नीचे 1-2 फीट ऊपर आड़ा करके छोटा बांस लगाया जाता है। फिर इस पर बैलेंस करके, खड़े होकर चला जाता है।
पोला पर्व में मिट्टी के खिलौनों की खूब बिक्री होती है। गांव में परंपरागत रूप से कार्य करने वाले हस्तशिल्पी, बढ़ई एवं कुम्हार समाज के लोग इसकी तैयारी काफी पहले से करना शुरू कर देते हैं। इस त्योहार से उन्हें रोजगार भी मिलता है, लोग मिट्टी के बर्तनों का उपयोग करते हुए एक दूसरे के घरों में मिष्ठान पहुंचाते हैं। इस दिन ग्रामीण क्षेत्रों में मितान बदने की भी परम्परा है। एक दूसरे के घरों में मेल मिलाप के लिए जाते हैं। यह पर्व सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी हमें मजूबत करता है।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम-1989 की राज्य स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक
रायपुर : मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम-1989 की राज्य स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक हुई। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में ST, SC वर्ग को विभिन्न प्रावधानों के तहत मिलने वाले लाभों और अधिनियम-1989 के अंतर्गत 2019, 2020 एवं 2021 में दर्ज प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की गई। साथ ही अधिनियम-1989 के अंतर्गत 2019, 2020 एवं 2021 में स्वीकृत राहत राशि की भी समीक्षा की गई। उक्त बैठक में गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम समेत संसदीय सचिव व मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, गृह सचिव श्री मनोज पिंगुआ, विभागीय सचिव श्री डी. डी. सिंह तथा आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास आयुक्त श्रीमती शम्मी आबिदी उपस्थित थीं। वहीं संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत सिंह भगत व पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा समेत अन्य संसदीय सचिव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के प्रावधान अनुसार गठित राज्य स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक में सदस्यगण ऑनलाइन वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से भी शामिल हुए। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अधिनियम-1989 के प्रावधान के तहत दर्ज पुलिस के पास लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस अन्वेषण स्तर पर स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने में यदि विलंब होता है तो संबंधित ग्राम सभा से यह तस्दीक कर लिया जाये कि पीड़ित व्यक्ति अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग का है या नहीं।
इसके लिए विधि विभाग, गृह विभाग एवं आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग समन्वय कर समीक्षा कर लें। विशेष न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों के त्वरित निराकरण किये जाने बाबत् विशेष लोक अभियोजकों के स्तर से यथोचित प्रयास करने संबंधी निर्देश दिये जाने हेतु विधि विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार जिला स्तरीय एवं उपखण्ड स्तरीय बैठकों का आयोजन नियत समयावधि में आवश्यक रूप से किये जाने हेतु जिला कलेक्टरों को एवं अनुविभागीय अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किये जाने के लिए भी निर्देशित किया।
-
एजेंसी
अंबाला : पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है और उसमें लाखों के लेनदेन का जिक्र है। वहीं एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
अंबाला शहर से सटे गांव बलाना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि व्यक्ति ने पहले अपने परिवार के पांच सदस्यों को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय संगत सिंह, उनकी पत्नी महिंद्र कौर (62), उनके बेटे सुखविंदर सिंह (32), सुखविंदर की पत्नी प्रमिला (28) और दो पोतियों के तौर पर हुई है।
सुखविंदर सिंह यमुनानगर की दो पहिया कंपनी में काम करता था। जानकारी के अनुसार, सुबह जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो परिवार को बेसुध देखकर घबरा गए। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अंबाला शहर के ट्रामा सेंटर की मोर्चरी में रखवाया। सीन ऑफ क्राइम, फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंच गई है। बताया जाता है कि मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है और उसमें लाखों के लेनदेन का जिक्र है। वहीं एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
-
एजेंसी
उत्तर प्रदेश : के कन्नौज में पुलिस की धमकी से परेशान एक किसान की खुदकुशी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर किसान को मर्डर केस में फंसाने की लगातार धमकी दे रहा था।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज के जलालपुर ठकुरन गांव में कथित तौर पर पुलिसकर्मी से परेशान होकर 54 साल के शख्स ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों का आरोप है कि एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर उन्हें हत्या के एक मामले में फंसाने की धमकी दिया करता था जिससे वो लगातार परेशान रहते थे। पुलिस के मुताबिक तुकमान खेत में बने एक मकान में रहता था और गुरुवार की सुबह वह एक पेड़ से लटका मिला। जानकारी के मुताबिक तीन दिन पहले ही किसान के रिश्तेदार कि किसी ने हत्या कर दी थी लेकिन पुलिस मामले की जांच की जगह उसे ही धमका रही थी।
घटना के बाद नाराज परिजनों ने शव को ईस्टर्न बाइपास रोड पर रखकर धरना दिया जिससे करीब तीन घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। तुकमान के रिश्तेदार अनिल के मुताबिक 21 अगस्त की रात उसके भाई कैलाश राठौर की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गांव के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
अनिल का आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर अपने भाई की हत्या के लिए प्राथमिकी में नामजद लोगों को पकड़ने की बजाय तुकमान को जेल भेजने की धमकी दे रहा था। तुकमान की मौत के बाद उसके परिजनों ने हाईवे पर उसके शव को लेकर प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी की न्याय मिलने तक वो शव को मौके से नहीं हटाएंगे। मामले की जानकारी आला अधिकारियों तक पहुंची तो मामले पर संज्ञान लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद कुमार ने मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
-
एजेंसी
अवैध खनन मामले में रांची में बुधवार को ईडी की छापेमारी के बाद प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीएम हेमंत सोरेन के करीबी कहे जाने वाले प्रेम प्रकाश के घर से कल दो एके 47 बरामद किया गया है।
अवैध खनन मामले में रांची में बुधवार को ईडी की छापेमारी के बाद प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। ईडी ने अवैध खनन से जुड़े मामले में मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट के तहत प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार किया है। सीएम हेमंत सोरेन के करीबी कहे जाने वाले प्रेम प्रकाश के घर से कल दो एके 47 बरामद किया गया है। देर रात प्रेम प्रकाश को अरेस्ट कर लिया गया। हालांकि, ईडी की ओर से अभी इसको लेकर आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।
रांची में प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर सुबह छह बजे शुरू हुई छापेमारी रात करीब 12 बजे तक यानी 18 घंटे तक चली। ईडी प्रेम प्रकाश से गुप्त ठिकानों पर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा सासाराम में प्रेम प्रकाश के रिश्तेदारों के दो ठिकानों पर भी रेड डाली गई। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई के हाथ कई ऐसे दस्तावेज लगे हैं, जिनसे पीपी के संबंध अवैध खनन से जुड़े हैं।
छापे के दौरान रांची के हरमू स्थित प्रेमप्रकाश उर्फ पीपी के किराए के मकान शैलोदय से दो एके 47 रायफल, मैगजीन और 60 गोलियां मिली हैं। पुलिस ने कबूल किया है कि दोनों एके 47 रांची पुलिस के हैं। इस मामले में दो आरक्षियों को निलंबित भी कर दिया गया है।
पहले भी दी जा चुकी है दबिश इससे पहले 25 मई को भी प्रेम के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इसके बाद 26 मई को ईडी ने प्रेम को पूछताछ के लिए बुलाया था। यहां बता दें कि नेताओं व अफसरों से प्रेम प्रकाश की नजदीकियां हमेशा से चर्चा में रहीं है।
जांच को पहुंचे ज्वाइंट डायरेक्टर व रांची पुलिस एके 47 की बरामदगी के बाद ईडी के ज्वाइंट डायरेक्टर स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं रांची पुलिस के सार्जेंट मेजर अभिनव पाठक व अरगोड़ा थानेदार भी पहुंचे। जांच के बाद बाहर निकलने पर अरगोड़ा थानेदार ने कबूल किया कि हथियार रांची पुलिस के हैं।
सांसद का दावा, एनआईए जांच से आएगा भूचाल भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने मामले में चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा है कि प्रेम के जिस फ्लैट में हथियार मिले हैं, वह पिछले 25 दिनों से बंद था। सांसद ने दावा किया है कि एनआईए इस मामले में जांच करेगी तो पूरे महकमे में भूचाल आएगा।
-
झारखंड : पहले तो दोनों भाइयों ने उसे शराब पिलाई फिर कुल्हाड़ी से उसका सिर काट डाला। शव मिलने के बाद साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
झारखंड के चतरा में दो भाइयों ने बहन के साथ दुष्कर्म व हत्या के आरोपी को 15 साल बाद मार डाला। उन्होंने 14 अगस्त को आरोपी बालेश्वर रजक का सिर काट डाला। और उसका शव बक्सी जंगल से होकर गुजरने वाले एनएच 99 पर फेंक दिया। बालेश्वर रामगढ़ जिले के मांडू थाना के बांगाबाद का निवासी था।
इस के बाद हत्या के आरोप में पुलिस ने सिमरिया के दुंदुआ के दोनों सगे भाई गौतम बैठा और मनोज रजक के साथ उनके दोस्त पिंटू रजक को गिरफ्तार किया है। गौतम बैठा ने पुलिस बताया है कि 15 साल पहले उसकी बहन की शादी होने वाली थी। लेकिन बालेश्वर रजक ने चार साथियों के साथ मिलकर उसकी बहन के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद वह छिपकर रह रहा था। 14 अगस्त को वह अचानक मिल गया। पहले तो दोनों भाइयों ने उसे शराब पिलाई फिर कुल्हाड़ी से उसका सिर काट डाला। शव मिलने के बाद साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, बालेश्वर रजक पर आरोप है कि उसने रामगढ़ में युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी।
-
एजेंसी
दिल्ली : जांच के दौरान, यह पता चला है कि यह लोग योग्य उम्मीदवार का डेटा एक वेबसाइट से चुराते थे और उन्हें बिना परीक्षा में शामिल हुए ग्रेजुएशन से संबंधित डिग्रियां बैक डेटे में देने का लालच देते थे।
दिल्ली में फर्जी शिक्षा केंद्रों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने ऐसे फर्जी एजुकेशन सेंटर का भंडाफोड़ कर दिया है जो छात्रों को फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां देता था। अब तक इस केस में 6 लोग गिरफ्तार किया जा चुके हैं। बुधवार को पुलिस ने सूचना दी कि साइबर पुलिस को किलोकरी गांव के सनलाइट कॉलोनी में चल रहे फर्जी शिक्षा केंद्र के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम लोकेशन पर पहुंची।
यहां चार महिलाएं फोन पर बातचीत कर रही थीं। जल्दी ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की गई। जिसके बाद इस पूरे खेल का पर्दाफाश हो गया। यह खुलासा हुआ कि शिक्षा केंद्र चला रहे लोग, निर्दोष लोगों को बैक डेटेड मार्कशीट, डिग्री और मान्यता प्राप्त विभिन्न विश्वविद्यालयों की डिग्री देने का लालच देकर उनके साथ धोखाधड़ी कर रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये 6 आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, लैपटॉप, प्रिंटर्स, फर्जी मार्कशीट, डिग्रियां, सर्टिफिकेट और रिकॉर्ड रजिस्टर बरामद किया है।
इसके अलावा Mountain Institute of Management and Technology के नाम पर एक पेमेंट स्लिप भी बरामद किया गया। गिरफ्तार की गई चार महिलाओं की पहचान गाजियाबाद की रहने वाली 26 साल की रेखा, 22 साल की पूनम, दीपिका और अमिता के तौर पर हुई है। यह तीनों दिल्ली की रहने वाली हैं। इनसे सख्त पूछताछ के बाद एजुकेशन सेंटर के 2 अन्य मालिकों को भी गिरफ्तार किया गया। इन दोनों की पहचान 25 साल के रेहान और 27 साल के कैफ के तौर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान, यह पता चला है कि यह लोग योग्य उम्मीदवार का डेटा एक वेबसाइट से चुराते थे और उन्हें बिना परीक्षा में शामिल हुए ग्रेजुएशन से संबंधित डिग्रियां बैक डेटे में देने का लालच देते थे। वो लोग इसके लिए प्रति व्यक्ति 1000-2000 रुपये चार्ज करते थे।
यूपीआई या ऑनलाइन मोड के जरिए पैसे मिलने के बाद यह लोग किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी की फर्जी डिग्रियां उम्मीदवार को दिया करते थे। इनका रिकॉर्ड कभी भी यूनिवर्सिटी में अपडेट नहीं होता था। पकड़े गए लोगों के बैंक अकाउंट की जांच करने के पर लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। इनसे डिग्री लेने वाले उम्मीदवारों का डेटा जुटाने की कोशिश की जा रही है।
-
एजेंसी
गोरखपुर : के एक हॉस्पिटल के संचालक ने रिसेप्शनिस्ट को आधी रात के बाद सैलरी देने के बहाने कमरे में बुलाकर रेप किया। रिसेप्शनिस्ट का कहना है कि उसे छह महीने से सैलरी नहीं मिली थी।
गोरखपुर के एक हॉस्पिटल ओनर पर सैलरी देने के बहाने अपनी रिसेप्शनिस्ट को आधी रात को केबिन में बुलाकर रेप करने का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला, शाहपुर के पादरीबाजार स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल का है। हॉस्पिटल में रिसेप्शनिस्ट का काम करने वाली लड़की का कहना है कि उसे 8500 रुपये की सैलरी पर रखा गया था। लेकिन छह महीने से तनख्वाह नहीं मिली।
लड़की का कहना है कि उसे कॉलेज की फीस जमा करनी थी, इसलिए कई दिनों से संचालक से सैलरी मांग रही थी। युवती ने बताया कि 20 अगस्त की रात उसकी नाइट शिफ्ट थी। अस्पताल संचालक मणि पांडेय ने उसे रात एक बजे केबिन में बुलवाया। उसने 500 रुपये देते हुए कहा तुम्हें पैसों की जरूरत थी, रख लो।
इस पर मैंने कहा, सर इससे क्या होगा। मुझे अपनी फीस जमा करनी है। इतना कम पैसा मिलने पर विरोध किया तो संचालक ने बाल पकड़ लिया और मेज पर दुष्कर्म किया। विरोध करने बुरी तरह पीटा। घर पहुंच कर उसने परिवारवालों को बताया और शाहपुर थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर शाहपुर रणधीर मिश्रा ने बताया, रिसेप्शनिस्ट की शिकायत पर न्यू लाइफ हॉस्पिटल के संचालक मणि पांडेय के खिलाफ रेप और मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है।
एक और महिला कर्मी से की थी छेड़खानी
रेप की घटना के बाद एक और महिला कर्मी सामने आई है। उसने भी संचालक मणि पांडेय पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मणि काफी दिनों से छेड़छाड़ कर रहा था। हालांकि महिला ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सोमवार की शाम पुलिस अस्पताल पर पहुंची और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि अस्पताल मालिक मणि पांडेय भाग गया है। उधर, पुलिस की पहल पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की भी जांच शुरू कर दी है।
-
एजेंसी
भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी की थी। उनका यह पोस्ट वायरल हो गया और प्रदर्शन शुरू हो गया।
तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी करने का आरोप है। सोशल मीडिया पर उनके द्वारा की गई टिप्पणी के बाद हैदराबाद में देर रात कई जगह विरोध प्रदर्शन हुआ। इसके बाद टी राजा के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया था।
डीसीपी पी साई चैतन्य ने बताया, बड़ी संख्या में लोगों ने बीती रात साउथ जोन डीसीपी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना था कि भाजपा विधायक ने एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। इसके बाद उनके खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था वीडियो
भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो को लेकर उन्होंने पैगंबर मोहम्मद को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी की थी। उनका यह पोस्ट वायरल हो गया और देखते ही देखते देर रात में दबीरपुरा, भवानी नगर, मिचौक, रेनबाजार में लोग पुलिस स्टेशनों में पहुंच गए ओर प्रदर्शन करने लगे।
कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को दी थी धमकी
इससे पहले टी राजा सिंह ने कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को भी कथित तौर पर धमकी दी थी। उन्होंने उनके शो को भी रद्द करने की मांग की थी। शुक्रवार को जब टी राजा मुनव्वर फारूकी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में ले लिया गया था।
-
एजेंसी
झारखंड के खूंटी में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की एक शख्स ने कुदाल से काटकर हत्या कर डाली। मामला खूंटी सदर थाना क्षेत्र के चांडीडीह, भंडरा गांव का है।
झारखंड के खूंटी में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की एक शख्स ने कुदाल से काटकर हत्या कर डाली। मामला खूंटी सदर थाना क्षेत्र के चांडीडीह, भंडरा गांव का है।
जानकारी के मुताबिक, खूंटी में हेमंत पुर्ती नामक युवक ने अपने फूफा बितना मुंडा (65 वर्ष), फुफेरे भाई सुड़ा मुंडा (25 वर्ष) और गांव के ही दशरथ अहीर के भांजे विकास महतो (20 वर्ष) की कुदाल से काटकर हत्या कर दी। घटना रविवार की देर रात खूंटी से छह किमी दूर चांडीडीह में बितना मुंडा के घर की है। मृतक बितना मुंडा के पुत्र सोमा मुंडा ने हत्यारारोपी हेमंत पुर्ती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
घरवालों को भी नहीं समझ आ रही वजह
घटना के संबंध में मृतक के बड़े पुत्र सोमा मुंडा का कहना है कि हेमंत पुर्ती ने तीनों हत्या क्यों की, यह बात उन्हें समझ में नहीं आ रही है। सोमा मुंडा के अनुसार हेमंत उसके मामा का बेटा है, जो मुरहू के गजगांव का रहने वाला है। रविवार को वह मेहमानी के तौर पर उनके घर आया था। रविवार की रात लगभग दस बजे सोमा मुंडा, बितना मुंडा, सुड़ा मुंडा, विकास महतो ने एक साथ खाना खाया। हेमंत पुर्ती ने खाना खाने से मना कर दिया। खाना खाने के बाद सोमा मुंडा भंडरा गांव में स्थित मील में सोने चले गए।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तारसुबह के लगभग साढ़े छह बजे सोमा मुंडा अपने घर आए, तो दरवाजा बंद था। जब धक्का देकर दरवाजा खोला तो अंदर हेमंत पुर्ती डंडा लेकर खड़ा था और उसके पिता बितना, भाई सुड़ा और विकास महतो का शव लहुलुहान हालत में पड़ा हुआ था। सोमा मुंडा ने उसी समय हेमंत पुर्ती को पकड़ लिया और उसके बाद आस-पड़ोस के लोग जुट गए। सबने मिलकर हेमंत को एक खंभे से बांध दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। लगभग नौ बजे पुलिस गांव में पहुंची और हेमंत पुर्ती को गिरफ्तार करने के साथ तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
एजेंसी
मेरठ : मेरठ में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल न मिलने पर विवाहिता का सिर मुंडवाकर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। महिला का कहना है कि 14 अगस्त को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। तभी विवाहिता मायके पक्ष के लोगों के साथ थाने पहुंची थी लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की।
मेरठ में दहेज में बुलेट बाइक नहीं मिली तो पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। महिला ने सिर मुंडाने का भी आरोप लगाया है। एसएसपी ऑफिस पहुंची इत्तेफाकनगर की पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह दो साल पहले अफजलपुर पाउटी निवासी अहमद अली से हुआ था।
आरोप है कि अहमद निकाह के बाद से ही बुलेट बाइक मांग रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट की और सात जून को उसका सिर मुंडवा दिया। मायके में पंचायत के महिला को दोबारा सुसराल भेज दिया।
महिला का कहना है कि 14 अगस्त को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। तभी विवाहिता मायके पक्ष के लोगों के साथ थाने पहुंची थी। उस समय पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
शनिवार को पीड़िता एसएसपी के सामने पेश हुई। पीड़िता की शिकायत पर कंकरखेड़ा पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया है। सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि मुकदमे में पीड़िता ने बाल काटने का जिक्र नहीं किया है। दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का आरोप लगाया है। अभी जांच की जा रही है।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज शाम यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ लघु वेतन कर्मचारी संघ और छत्तीसगढ़ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की । प्रतिनिधिमंडल ने शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को 6% महंगाई भत्ता दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा निरंतर शासकीय कर्मचारियों के हित में निर्णय लिए जा रहे हैं। पुरानी पेंशन योजना लागू करने से कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हुआ है। वे सेवानिवृत्ति के बाद भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि शासकीय कर्मचारियों की मांग पर 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिए जाने से कर्मचारियों की आर्थिक चिंता दूर हुई है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष श्री रोहित तिवारी सहित श्री योगेश्वर भारती, श्री जितेंद्र सिंह, श्री सुनील यादव, श्री हेमंत बघेल, श्री आकाश तिवारी व श्री अयूब खान तथा लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष श्री पी आर साहू सहित श्री रविंद्र यादव, श्री गुलाब ध्रुव तथा छत्तीसगढ़ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री डी.एस. भारद्वाज, श्री आदित्य मिश्रा, श्री हेमंत चंद्राकर व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
परिवहन मंत्री श्री अकबर के निर्देश पर राज्य में अभियान लगातार जारी
स्पीड गवर्नर तथा फिटनेस का पालन नहीं करने वाले यात्रीयान वाहनों से 50 हजार रूपए से अधिक के शुल्क की वसूली
यात्रीयान वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री एवं अधिक किराया लेने पर होगी सख्त कार्रवाई
दो दिनों में सघन जांच अभियान चलाकर 239 चालानी कार्रवाई कर 4.22 लाख रूपए की राशि की वसूली
रायपुर : परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के निर्देश के परिपालन में विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाए जाकर विगत 15 दिवस में 6 विभिन्न ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई और उन्हें कुशल प्रशिक्षण के संचालन संबंधी प्रक्रिया और परिवहन विभाग के नियम व शर्तों का पालन नहीं करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यात्रीयान वाहनों में स्पीड गवर्नर नहीं लगाए जाने आदि के कारण 39,500 रूपए समन शुल्क तथा 14,900 रूपए समझौता शुल्क की राशि की वसूली भी की गई है।
परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, मुंगेली, सरगुजा तथा कोरबा जिले से ड्राइविंग स्कूल निलंबित किए गए हैं। परिवहन विभाग द्वारा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और प्रशिक्षण के कुशल संचालन संबंधी प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में परिवहन विभाग द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र अंतर्गत ऐसे किसी भी ड्राइविंग स्कूल अथवा सेंटर के बारे में परिवहन मुख्यालय तथा संबंधित क्षेत्रीय परिवहन अथवा जिला परिवहन कार्यालय को सूचित कर सकते हैं।
परिवहन विभाग द्वारा उक्त अभियान के तहत गत 20 जुलाई से 4 अगस्त तक विभिन्न जिलों के 6 ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें रायपुर जिले के अंतर्गत 20 जुलाई को नेशनल ड्राइविंग स्कूल रायपुर को स्पष्टीकरण जारी किया गया। नेशनल ड्राइविंग स्कूल रायपुर द्वारा निर्धारित पता से अन्यंत्र पते पर स्कूल का संचालन किया जा रहा था। इसी तरह रायपुर जिले अंतर्गत ही इंडियन मोटर ड्राइविंग स्कूल रायपुर को अवैध ढंग से संचालन के कारण 4 अगस्त को स्पष्टीकरण जारी किया गया। इसके अलावा परिवहन विभाग द्वारा तेज सिंह मोटर ड्राइविंग स्कूल बिलासपुर, नया सबेरा ड्राइविंग स्कूल राजनांदगांव, डी.के.एफ. मोटर ड्राइविंग स्कूल अंबिकापुर तथा बाबा मोटर्स कोरबा ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
परिवहन विभाग द्वारा राज्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 अगस्त को यात्रीयान वाहनों में निरीक्षण के दौरान स्पीड गवर्नर नहीं लगाए जाने के कारण 11 वाहनों से 21 हजार रूपए समन शुल्क तथा 4 वाहनों से 14 हजार 900 रूपए के समझौता शुल्क की वसूली की गई। इसी तरह 21 अगस्त को यात्रीयान वाहनों का निरीक्षण कर 19 वाहनों से 18 हजार 500 रूपए के समन शुल्क की वसूली कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग द्वारा वाहनों के बकाया टैक्स वसूली सहित यात्रीयान वाहनों के संचालन के संबंध में सघन अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के निर्देश के बाद परिवहन विभाग द्वारा समस्त जिला परिवहन अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत परिवहन विभाग द्वारा यात्रीयान वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री तथा अधिक किराया लेने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यात्रीयान वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाए जाने तथा फिटनेस आदि परिवहन विभाग के नियम तथा निर्देशों का नियमानुसार पालन हेतु सख्त निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग द्वारा यात्री बसों की ओवरस्पीडिंग स्पीड, गवर्नर ना लगा होना, चालक, परिचालक लाइसेंस की जांच एवं अन्य सुरक्षात्मक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए विशेष जांच अभियान संपूर्ण छत्तीसगढ़ में चलाया जा रहा है। जिसमें विभाग के विभिन्न उड़नदस्ता एवं परिवहन चेकपोस्ट के द्वारा विगत 2 दिनों में सघन जांच अभियान चलाकर कुल 239 चालानी कार्रवाई कर 4 लाख 21 हजार 800 रूपए राशि वसूल की गई। साथ ही टैक्स के रूप में 78 हजार रूपए राशि जमा कराई गई और जिन वाहनों में स्पीड गवर्नर लगे नहीं पाए गए उन वाहनों के प्रकरण बनाकर वाहन का उपयोगिता प्रमाण पत्र रद्द करने हेतु वाहनों के 6 प्रकरण पंजीयन अधिकारियों को प्रेषित किया गया है।
परिवन विभाग ने इस बार कड़ा रुख अपनाते हुए इस प्रकार असुरक्षित रूप से वाहन का संचालन कराने वाले संचालकों के खिलाफ फिटनेस निरस्तीकरण,एवम परमिट निलंबन जैसी कार्यवाही की जा रही है। पूर्व में भी जनता से प्राप्त शिकायतों के आधार पर अधिक किराया वसूली, परिचालकों के द्वारा किए जा रहे दुर्व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए विभाग के द्वारा कार्यवाही करते हुए 219 बसों पर कारवाही कर 4 लाख 93 हजार 600 रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई थी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री बघेल की मंशा एवं परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के मागदर्शन में जन सुरक्षा को प्राथमिकता से लेते हुए परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा को त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस तारतम्य में परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा उड़नदस्ता टीम को बस अड्डों पर भी जाकर वाहनों के फिटनेस की जांच करने भी निर्देशित किया गया है और इस प्रकार की कार्यवाही को आगे निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए है।
सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई एक शिकायत पर भी जवाबदेही तय करते हुए परिवहन उड़नदस्ता एवं परिवहन चेकपोस्ट में राज्य स्तरीय जांच की गई एवं अधिक किराया, दुर्व्यवहार आदि शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए 1 सप्ताह में ही 219 बसों की जांच कर 4 लाख 93 हजार 600 रूपए जुर्माना वसूल किया गया एवं बस संचालको को स्पष्ट हिदायत दी गई कि परिवहन सुविधा जन सुविधा है जिस का संचालन जनता की सुविधा के दृष्टिकोण से ही किया जाना है न कि केवल व्यवसायिक रूप में। जनता ने शासन की इस कारवाही को जनता ने सराहा, विभाग के अधिकारियो ने इस प्रकार की कारवाही आगे भी जारी रहने की बात कही है। -
एजेंसी
उत्तराखंड : भारी बारिश और भूस्खलन ने उत्तराखंड में कहर बरपाया है। प्रदेश में अभी तक चार मौत हो चुकी है। 13 लापता और 12 घायल है। टिहरी जिले के धनौल्टी क्षेत्र में पलक झपकते ही एक घर मलबे में तब्दील हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोग दबे। जबिक दो शव निकाल लिए गए हैं।
धनोल्टी एसडीएम लक्ष्मी राज चौहान ने बताया कि मामले में पूरी नजर बनाई हुई है। वहीं राज्य में जगह-जगह से सामने आ रही आपदा की तस्वीरों के बाद सेनानायक एसडीआरएफ मणिकांत मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला है। उत्तराखण्ड राज्य में कल से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद राज्य के विभिन्न जिलों में तबाही का मंजर है। कहीं मलबा आने से मकान क्षतिग्रस्त हो गए है तो कहीं उफनती नदी नालों में लोग फंस गए है। रातभर से SDRF टीम यद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य मे पूर्ण ततपरता से कार्य कर रही है।
सेनानायक एसडीआरएफ मणिकांत मिश्रा ने भी मोर्चा संभाला हुआ है। वह स्वयं,आपदा से सबसे ज़्यादा प्रभावित क्षेत्र में मालदेवता में रेस्क्यू आपरेशन की कमान संभाले हुए है। वहीं दूसरी और उन्होंने वाहिनी मुख्यालय के सभी अधिकारी/कर्मचारियों व एसडीआएफ कंट्रोल रूम को भी हाई अलर्ट पर रखा है और राज्य भर में गतिमान सभी रेस्क्यू आपरेशन की पल-पल की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे है।
धनौल्टी में भूस्खलन से हुई दो मौत
राजेन्द्र सिंह उम्र 35 वर्ष, पुत्र स्व0 गुलाब सिंह। शव बरामद।
- सुनीता देवी पत्नी राजेन्द्र सिंह। शव बरामद।
धनौल्टी में घायलों का रेस्क्यू जारी
कमांद सिंह उम्र 40 वर्ष पुत्र स्व0 प्रेम सिंह।
मगन देवी उम्र 60 वर्ष पत्नी स्व0 प्रेम सिंह।
रुकमणी देवी उम्र 35 वर्ष पत्नी कमांद सिंह।
सचिन उम्र 15 वर्ष पुत्र कमांद सिंह।
बीना उम्र 17 वर्ष पुत्री कमांद सिंह।
-
एजेंसी
यूपी के लखीमपुर खीरी में एक युवक को नाबालिग से रेप करने की कोशिश करना भारी पड़ गया। बेटी से दरिंदगी का प्रयास करने वाले युवक का महिला ने धारदार औजार से प्रहार कर उसका गुप्तांग काट लिया।
यूपी के लखीमपुर खीरी में एक युवक को नाबालिग से रेप करने की कोशिश करना भारी पड़ गया। बेटी से दरिंदगी का प्रयास करने वाले युवक का महिला ने धारदार औजार से प्रहार कर उसका गुप्तांग काट लिया। इसके बाद युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया। महिला का आरोप है कि युवक उसके घर घुस आया और उसकी 14 साल की पुत्री से रेप का प्रयास किया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
शहर के कमलापुरी में रहने वाला युवक हरिशंकर बुधवार को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचा। उसने बताया कि एक महिला ने दो अन्य लोगों की मदद से उसके साथ मारपीट की और गुप्तांग पर चाकू से प्रहार कर जख्मी कर दिया। कुछ ही देर में महिला भी पुलिस के सामने पहुंच गई। उसने तहरीर दी कि हरिशंकर उसके घर घुस आया और उसकी 14 साल की बेटी से रेप की कोशिश की थी।
पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। शहर कोतवाल चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला ने बयान में युवक के गुप्तांग पर प्रहार करने की बात कही है। दूसरी ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। आरोपी जख्मी है और अपना इलाज करा रहा है। पुलिस कर्मी उसके साथ लगाए गए हैं।
जख्मी का अस्पताल में बनाया मजाक, हंगामा
खून से लथपथ युवक से जिला अस्पताल में इलाज के दौरान स्टाफ के मजाक करने से हंगामा हो गया। युवक के परिवार वालों ने युवक और उसकी पत्नी के साथ अभद्रता और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। आनन-फानन में घायल युवक को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। युवक हरिशंकर को गंभीर हालत में ओयल जिला अस्पताल इलाज को लाया गया। इस घटना की जानकारी होने पर इमरजेंसी में मौजूद स्टाफ ने युवक से घटना को लेकर मजाक कर दिया। इस दौरान परिवार का आरोप है कि इमरजेंसी में मौजूद स्टाफ के लोगों ने उसकी पत्नी से भी अभद्र भाषा में बात की। इसको लेकर परिवार के लोगों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
रायपुर : मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्व श्री राजीव गांधी की जयंती पर दिलाई शपथ
सद्भावना दिवस पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना राशि अंतरण कार्यक्रम का आयोजन
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री राजीव गांधी की जयंती 'सद्भभावना दिवस' के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई। सभी लोग ने जाति, सम्प्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करने तथा हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेद बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने की शपथ ली
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की खरीफ वर्ष 2021 की दूसरी किश्त के तहत 26 लाख 21 हजार किसानों को इनपुट सब्सिडी के रूप 1745 करोड़ रूपए की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की
इससे पूर्व 21 मई 2022 को राज्य के किसानों को इस योजना की प्रथम किस्त के रूप में 1745 रूपए का भुगतान किया गया था
आज द्वितीय किस्त के भुगतान की गई राशि को मिलाकर किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के शुरू होने के बाद से अब तक 14 हजार 665 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है
इस योजना में खरीफ 2019 में 18.43 लाख किसानों को 4 किस्तों में इनपुट सब्सिडी के रूप में 5627 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया
खरीफ वर्ष 2020 के 20.59 लाख किसानों को 5553 करोड़ रूपए की इनपुट सब्सिडी दी जा चुकी है
किसानों को फसल लागत मूल्य कम करने,उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए इनपुट सब्सिडी की यह राशि दी जा रही है
मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 5 करोड़ 24 लाख रूपए का किया भुगतान
इस राशि मे से गोबर विक्रेताओं को 2.64 करोड़ रूपए तथा गौठान समितियों तथा स्व-सहायता समूह को 2.60 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया
गोबर बेचने वाले ग्रामीणों को योजना शुरू होने के बाद से अब तक 155.60 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है
गौठान समितियों तथा स्व-सहायता समूह को अब तक 154.02 करोड़ रूपए का किया गया भुगतान
राज्य में 8408 गौठान निर्मित
गोधन न्याय योजना से 2 लाख 52 हजार से अधिक पशुपालक ग्रामीण गोबर बेच कर सीधे लाभान्वित हो रहे हैं
इनमें 1 लाख 43 हजार से अधिक भूमिहीन शामिल हैं
छत्तीसगढ़ की गोधन न्याय योजना देश-दुनिया की इकलौती योजना है, जिसके तहत गौठानों में 2 रूपए किलो की दर से गोबर तथा 4 रूपए लीटर की दर से गौमूत्र की खरीदी की जा रही है
गोधन न्याय योजना के तहत हितग्राहियों को अब तक दिए जा चुके हैं 335 करोड़ 24 लाख रूपए
गौठानों से जुड़ी महिला समूहों को हो चुकी 78.62 करोड़ रूपए की आमदनी
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल अगले महीने सितम्बर माह में प्रदेश के 05 नए जिलों का शुभारंभ कर रोड शो भी करेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री-
01 सितम्बर को सक्ति
02 सितम्बर को मोहला मानपुर
03 सितम्बर को मनेन्द्रगढ़
04 सितम्बर को खैरागढ़
05 सितम्बर को सारंगढ़
जिले का शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे और रोड़ शो भी करेंगे। प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ में अब जिलों की संख्या 28 से बढ़कर अब 33 ही जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा इसके पहले गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले का गठन किया गया था। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
राजधानी के गुढ़ियारी में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
दही हांडी प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी हुए पुरस्कृत
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी के श्रीनगर रोड गुढ़ियारी स्थित मैदान में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी उत्सव में शामिल हुए। वे इस दौरान दही हांडी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने यहां दही हांडी प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का हमारे सनातन संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान है। इस पवित्र परंपरा के अनुरूप देश और दुनिया में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से जो महत्वपूर्ण शिक्षा दी है, उसे हम सबको आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने जिन बातों का उपदेश दिया, उन्हें स्वयं भी जीया। वे सही मायने में हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने सबसे बड़ी शिक्षा भी दी थी कि अधर्म और अन्याय के खिलाफ युद्ध करना ही धर्म है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को हम हमेशा प्रकृति के बीच पाते हैं। ऐसे में आज उनके जन्मोत्सव के अवसर पर हमारी सरकार ने प्रदेश में धार्मिक, संास्कृतिक, पर्यावरणीय महत्व के वृक्षों को सहेजने के लिए और उनसे निकटता बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण ‘कृष्ण कुंज’ योजना की शुरूआत की है।
‘कृष्ण कुंज’ के माध्यम से आने वाली पीढ़ी प्रकृति और पेड़ों के महत्व को सहजता से समझ सकेंगे और उन्हें बचाए रखने के लिए प्रेरित भी होंगे। कार्यक्रम को संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय तथा विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा तथा वरिष्ठ नागरिक सर्वश्री सुंदर जोगी, बसंत अग्रवाल और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से मोतीबाग में बनेगा 600 लोगों के लिए वाई-फाई युक्त अध्ययन केन्द्र
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनेगा स्मार्ट रीडिंग रूम
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत मोतीबाग में प्रस्तावित “स्मार्ट रीडिंग रूम” का भूमिपूजन किया। लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस रीडिंग रूम में ग्राउंड के साथ दो मंजिला भवन तैयार होगा, जिसमें 600 से अधिक विद्यार्थी एक साथ अध्ययन कर सकेंगे। भूमिपूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर छ.ग. गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा, महापौर श्री एजाज़ ढेबर, विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, छ.ग. योग आयोग के अध्यक्ष श्री ज्ञानेश शर्मा, नगर निगम सभापति श्री प्रमोद दुबे एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विद्यार्थियों को शहर के भीतर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराने इस स्मार्ट रीडिंग रूम का निर्माण किया जा रहा है। इस भवन में वाई-फाई, लेन सहित लगभग 600 लोगों की बैठक व्यवस्था होगी, जिसमें विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
दिव्यांग विद्यार्थियों को आधारतल पर स्थान सुलभ कराया जा रहा है एवं सभी तल पर प्रसाधन की सुविधा उपलब्ध होगी।