ब्रेकिंग न्यूज़

नारायणपुर : कलेक्टर ने ग्राम भाटपाल एवं रेमावंड में किया गिरदावरी कार्य का निरीक्षण
मार्गदर्शी निर्देशों के तहत् करें गिरदावरी का कार्य-कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह

नारायणपुर : कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने बीते दिन नारायणपुर विकासखंड के ग्राम भाटपाल एवं रेमावंड में चल रहे गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह राजस्व अमले के साथ ग्राम भाटपाल पहुँचे, जहां उन्होंने राजस्व अमले के साथ किसानों से बातचीत कर उनके क्षेत्रक्षादित रकबे का सत्यापन किया।

हल्का पटवारी से मौके पर उन्होंने नक्शे में किसानों के रकबे तथा बोई गई धान सहित अन्य फसलों के पंजीयन की वस्तुस्थिति से जानकारी ली। गिरदावरी सत्यापन के दौरान कई रकबे में वास्तविक बुआई से कम बोनी रकबा मिला, जो त्रुटि पूर्ण पंजीयन से जुड़ा था। जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और सही रकबे का पंजीयन करने के निर्देश दिये।

उन्होंने संबंधितों को निर्देशित करते हुए कहा कि कृषि भूमि में बोनी के आधार पर गिरदावरी का कार्य महत्वपूर्ण है। उन्होंने पटवारियों से कहा कि किसानों के हर खेत में जाकर गिरदावरी का कार्य करें और जिसने जो फसल लगाया है उसकी जानकारी पंजी में अंकित करें। इस अवसर पर नायब तहसीलदार श्री मुकेश ठाकुर, सुश्री ख्याति नेताम के अलावा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ गिरदावरी का काम किया जाये। सम्बन्धित किसान स्वयं मौजूद रहकर कार्य को देख सकते हैं। गिरदावरी से किसान का बोये गये धान फसल के वास्तविक रकबे की सही जानकारी मिलेगी। इसी के अनुरूप उनका पंजीयन किया जाएगा और धान खरीदी की जाएगी। सर्वे के दौरान जो तब्दीली मौके पर दिखती है, उसके अनुरूप अभिलेख दुरुस्ती होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप गिरदावरी का काम सभी जगहों में सुचारू तरीके से चल रहा है। बता दें कि जिले में विगत 1 अगस्त 2020 से राजस्व विभाग के मैदानी अमले द्वारा गिरदावरी का काम सतत रुप से चल रहा है। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने राजस्व विभाग के मैदानी अमले को पूरी सावधानी एवम गंभीरता से कम करने तथा किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए कहा।

समय -समय पर इसकी सतत निगरानी भी की जा रही है। इसी तारतम्य में आज कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह आज जिले के नारायणपुर विकासखंड के ग्राम भाटपाल, रेमावंड और बाकुलवाही के हल्का पटवारियों के साथ किसानों के खेतों तक जाकर मौका मुआयना कर गिरदावरी कार्य का सत्यापन किया। 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook