बिहान से ममता के जीवन में आया नया सवेरा
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बलरामपुर : जीवन और उसकी चुनौतियां हमेशा ही हमें कुछ नया करने का मकसद देती हैं। शायद यही चुनौतियां श्रीमती ममता सरकार को भी अपनी परिस्थितियों से लड़ने और कुछ नया करने का मकसद और हौंसला दे रही हैं, तभी वे अपने परिवार में आई विपत्ति का डटकर सामना कर रही हैं। पति के बीमार होने और पुत्र के मानसिक बीमारी से ग्रस्त होने के बावजूद अपनी परिस्थितियों से लड़ते हुए वे अपने जीवन में आगे बढ़ रही हैं। ऐसी पारिवारिक परिस्थितियां अक्सर मनुष्य के मनोबल को तोड़ कर रख देती हैं परन्तु ममता सरकार ने ऐसी परिस्थितियों से लड़ते हुए अपने पूरे परिवार का न केवल पालन-पोषण करने में सक्षम हुई हैं बल्कि अपने जीवन स्तर को भी बेहतर किया है और आज आत्मसम्मान के साथ जीवन-यापन कर रही हैं।
ममता सरकार के जीवन ने एक नया मोड़ तब लिया जब वह महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी। उन्होंने बताया कि वे जब अपने जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए नई दिशा की तलाश कर रही थी, तब उन्हें यह दिशा महिला स्व-सहायता समूह ने दिखाई। समूह के द्वारा ही उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने समूह से जो कुछ भी सीखा और जाना, उसका लाभ लेकर आज वे अपनी ज़िम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर रही हैं।