राजस्व पखवाड़ा आम जनता की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण अवसर, सुनिश्चित हो त्वरित निराकरण: जिला पंचायत सीईओ

बलरामपुर : जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व प्रकरण, स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड, पीएम जनमन, खाद-बीज,

राजस्व पखवाड़ा आम जनता की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण अवसर, सुनिश्चित हो त्वरित निराकरण: जिला पंचायत सीईओ

स्वास्थ्य, पेयजल सहित जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा

लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

समय-सीमा की बैठक संपन्न

बलरामपुर : जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व प्रकरण, स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड, पीएम जनमन, खाद-बीज, पेयजल, जनदर्शन, पीजी पोर्टल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत सीईओ ने राजस्व पखवाड़ा में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने कहा कि राजस्व पखवाड़ा का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने ग्राम स्तर तक मुनादी एवं अन्य माध्यमों से राजस्व पखवाड़ा की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

उन्होंने अविवादित एवं विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, अभिलेख त्रुटि सुधार, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, अभिलेख शुद्धता, लोक सेवा केंद्र एवं राजस्व न्यायालय से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। श्रीमती तोमर ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से निराकरण करें, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राजस्व पखवाड़ा आम जनता की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसका लाभ अधिक से अधिक नागरिकों को मिलना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग की गहन समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन तथा आरसीएच पोर्टल में प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत समय पर पंजीयन करने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनके लिए विशेष निगरानी व आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के नियमित संचालन की बात कही।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करें ताकि लोगों को समय पर उपचार मिल सके। इस दौरान प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत गतिविधियों की भी जानकारी ली तथा स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत योजना एवं वय वंदन योजना के अंतर्गत कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने शेष हितग्राहियों के कार्ड शीघ्रता से बनाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।

जिला पंचायत सीईओ ने खाद-बीज उपलब्धता की जानकारी लेते हुए भंडारण एवं वितरण की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत पात्र किसानों के पंजीयन की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र किसानों का पंजीयन कर योजना का लाभ दें। उन्होंने क्रेडा द्वारा संपादित कार्यों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की साप्ताहिक प्रगति की जानकारी ली।

बसाहटों में स्थापित हैंडपंपों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके नियमित रखरखाव एवं खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजनों को पेयजल की सुविधा निर्बाध रूप से मिल सके। पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पेंशन हितग्राहियों को निर्धारित समयावधि में नियमित रूप से पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करें। जिला पंचायत सीईओ ने एनआरसी के संचालन, आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों एवं पोषण ट्रैकर की भी जानकारी ली। उन्होंने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं टीएल में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री अभिषेक गुप्ता, श्री चेतन बोरघरिया, श्री आर.एन. पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।