’जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य-जिला खाद्य अधिकारी’
कोरिया : जिला खाद्य अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी है कि कोरिया जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा सभी प्रकार की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
कोरिया : जिला खाद्य अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी है कि कोरिया जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा सभी प्रकार की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। वर्तमान में जिले में पेट्रोल का 1 लाख 60 हजार 684 लीटर तथा डीजल का 1 लाख 46 हजार 611 लीटर स्टॉक उपलब्ध है।
जानकारी दी है कि इंडियन ऑयल के कोरबा डिपो में तकनीकी समस्या उत्पन्न होने के कारण पिछले दो-तीन दिनों के दौरान पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिससे ईंधन लोड के परिवहन में कुछ विलंब हुआ। हालांकि अब तकनीकी समस्या का पूर्णतः निराकरण कर लिया गया है तथा आपूर्ति व्यवस्था पुनः सामान्य हो गई है।
जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक अस्थायी रूप से कम हो जाता है, वहां नए लोड के पहुंचने तक पेट्रोल एवं डीजल वितरण की निर्धारित सीमा तय की गई है, ताकि जिले के सभी वाहन चालकों को ईंधन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी है कि जिले में घरेलू एवं व्यावसायिक उपयोग हेतु एलपीजी गैस का भी पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में विभिन्न गैस एजेंसियों के पास कुल 945 घरेलू (14.2 किलोग्राम), 9 घरेलू (5 किलोग्राम), 101 व्यावसायिक (19 किलोग्राम) तथा 150 व्यावसायिक (5 किलोग्राम) गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
बैकुण्ठपुर एवं सोनहत विकासखंड में संचालित सभी गैस वितरकों के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस उपलब्ध है। सभी एजेंसियों को नियमित रूप से गैस आपूर्ति प्राप्त हो रही है तथा अधिकांश एजेंसियों को 10 से 14 जून के मध्य नया स्टॉक प्राप्त हुआ है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
जिला खाद्य अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि पेट्रोल, डीजल अथवा एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में सभी आवश्यक ईंधनों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः सुचारु एवं नियंत्रित है।
thenewsindia@gmail.com