जनगणना 2027 की तैयारियों पर समीक्षा: लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बेमेतरा : जिले में प्रस्तावित जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता जनगणना के संबंध मे महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति, प्रारंभिक तैयारियों, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, कार्य से इंकार अथवा निर्धारित समय-सीमा का पालन न करने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ जनगणना कार्य संपादित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही भविष्य की शासकीय योजनाओं, नीतियों और संसाधनों के वितरण का आधार बनता है। डेटा संकलन, प्रविष्टि एवं मैदानी सर्वेक्षण जैसे प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखना अनिवार्य है।
प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर विशेष जोर
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को गहन एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान करें। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यप्रणाली, डेटा संकलन के मानक, तकनीकी उपयोग एवं रिपोर्टिंग प्रणाली की जानकारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश
कलेक्टर ने जनगणना से जुड़े प्रारंभिक कार्यों जैसे हाउस लिस्टिंग, मैपिंग एवं बेसलाइन डेटा संकलन को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और प्रगति की समीक्षा सतत रूप से की जाएगी।
डैशबोर्ड और निगरानी प्रणाली से होगी मॉनिटरिंग
कार्य की प्रभावी निगरानी हेतु एक विशेष डैशबोर्ड एवं रिपोर्टिंग सिस्टम तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक स्तर पर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस प्रणाली के जरिए कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों की तुरंत पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने दोहराया कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। इसमें किसी भी प्रकार की जानबूझकर की गई देरी या त्रुटि को गंभीर सेवा कदाचार माना जाएगा। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनगणना प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
thenewsindia@gmail.com