जनजातीय गरिमा उत्सव ने बदली पहाड़ी कोरवा रोन्ही की जिंदगी

जनजातीय गरिमा उत्सव ने बदली पहाड़ी कोरवा रोन्ही की जिंदगी

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा

शिविर में मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ

आयुष्मान कार्ड मिलने से इलाज की चिंता हुई दूर

बलरामपुर : शासन की योजनाएं जब दूरस्थ जनजातीय अंचलों तक पहुंचती हैं, तब वे केवल सुविधा नहीं बल्कि लोगों के जीवन में बदलाव की नई रोशनी भी लेकर आती हैं। ऐसे ही श्रीमती रोन्ही पहाड़ी कोरवा के जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है।

विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत पतरापारा निवासी श्रीमती रोन्ही अपने परिवार के साथ सीमित संसाधनों में जीवनयापन करती हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी और संसाधनों के अभाव में कई बार उन्हें उपचार के लिए बैगा-गुनिया के सहारे रहना पड़ता था। बीमारी बढ़ने पर अस्पताल तक पहुंचना और इलाज कराना उनके लिए कठिन और खर्चीला साबित होता था।

अस्पताल आने-जाने और दवाइयों में उनकी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता था, जिससे परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो जाता था। ऐसे में जन भागीदारी सबसे दूर सबसे पहले अभियान के तहत आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव शिविर में शासन की योजना का लाभ मिला।शिविर में रोन्ही को तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाकर वितरित किया गया।

आयुष्मान कार्ड मिलने के बाद अब रोन्ही और उनके परिवार को इलाज के खर्च की चिंता नहीं रहेगी। अब वे जरूरत पड़ने पर अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का  लाभ लेकर समय पर उपचार करा पाएंगी।

रोन्ही बताती हैं कि पहले बीमारी का मतलब चिंता और आर्थिक परेशानी होती थीं, लेकिन अब आयुष्मान कार्ड बनने से उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का एहसास हुआ है। अब वे अपने परिवार के स्वास्थ्य  और भविष्य को  लेकर पहले से अधिक निश्चिंत हैं। श्रीमती रोन्ही ने जनजातीय गरिमा उत्सव शिविर को दूरस्थ ग्रामीणों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब आयुष्मान कार्ड मिलने से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।