जनजातीय गरिमा उत्सव शिविरों से जनजातीय समुदायों को मिली राहत
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
पतरापारा और बराहनगर शिविर में ग्रामीणों को मिला लाभ
बलरामपुर : दूरस्थ जनजातीय अंचलों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जन भागीदारी सबसे दूर सबसे पहले अभियान के तहत जनजातीय गरिमा उत्सव शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जहां जनजातीय समुदायों को स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं किसान हितैषी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी कड़ी में विकासखंड राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पतरापारा एवं विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम बराहनगर में जन भागीदारी सबसे दूर सबसे पहले अभियान के तहत जनजातीय गरिमा उत्सव शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत पतरापारा, डिगनगर, अमदरी, चंद्रगढ़ एवं करजी से बड़ी संख्या में पहाड़ी कोरवा परिवार पहुंचे। जहां मूलभूत सुविधाओं और योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को राहत दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।

जनपद पंचायत सीईओ श्री संजय दुबे के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर में मौजूद रहकर योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 71 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 21 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें निरूशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। 11 किसानों का एग्री स्टैक पंजीयन किया गया ।
इसी प्रकार विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम बराहनगर में जनपद सीईओ श्री रणवीर साय के नेतृत्व में आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव शिविर में ग्रामीणों ने पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया।शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 6 जाति प्रमाण पत्र, 6 आय प्रमाण पत्र तथा 6 निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही 27 जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। खाद्य विभाग द्वारा 37 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किया गया जिससे पात्र परिवारों को खाद्यान्न सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 157 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 2 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गया। पशुधन विकास विभाग द्वारा 68 पशुपालकों को पशु दवाओं का वितरण किया गया। श्रम विभाग के अंतर्गत 10 श्रम कार्ड बनाया गया।शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 2 हितग्राहियों को पेंशन योजना तथा 1 हितग्राही को परिवार सहायता योजना का लाभ दिया गया। कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 6 प्रकरणों में सुधार कार्य किया गया, 2 किसानों का एग्री स्टैक पंजीयन किया गया साथ ही 1 मृदा परीक्षण सैंपल लिया गया।
गौरतलब है कि भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार , कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के नेतृत्व में शिविर के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातीय पहाड़ी कोरवा परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक शासन की पहुंच सुनिश्चित हुई है।
thenewsindia@gmail.com