प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए काउंसलिंग 5 अगस्त तक, जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
बेमेतरा : मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ के प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बेमेतरा : मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ के प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभाग द्वारा पात्र छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग सूची एवं तिथि https://eklavya.cg.nic.in/ पर जारी कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक संबंधित सूची में आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 11ः30 बजे से शाम 4ः00 बजे तक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। सभी चयनित छात्र-छात्राओं को निर्धारित तिथि पर संबंधित विद्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक) अंकसूची, प्रधान पाठक/प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययन सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा पात्रता के अनुसार नक्सल पीड़ित, विशेष पिछड़ी जनजाति, अल्पसंख्यक, दिव्यांग, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता महिला के बच्चे अथवा शहीद पुलिस/अर्द्धसैनिक/सशस्त्र बल के आश्रित होने संबंधी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
इसके अलावा, जिन विद्यार्थियों का प्रवेश पात्रता के आधार पर सुनिश्चित होगा, उन्हें काउंसलिंग के बाद तीन दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे विभागीय वेबसाइट पर जारी काउंसलिंग सूची एवं तिथि का अवलोकन कर निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।
thenewsindia@gmail.com