कलेक्टर ने कला केंद्र, आयुष चिकित्सालय सह पंचकर्म स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर का किया निरीक्षण
सूरजपुर : कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने रविवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर स्थित कला केंद्र, आयुष चिकित्सालय सह पंचकर्म स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
- स्वच्छता, जल निकासी, रखरखाव एवं ओपन थिएटर निर्माण की संभावनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सूरजपुर : कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने रविवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर स्थित कला केंद्र, आयुष चिकित्सालय सह पंचकर्म स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कला केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए रिकॉर्डिंग रूम, ग्रीन रूम सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र के संचालक से बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण, विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों एवं शुल्क संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कला केंद्र के संचालन को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

कला केंद्र परिसर के आसपास गंदगी पाए जाने पर कलेक्टर ने नगर पालिका अमले को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में नियमित स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है, ताकि गंदगी तालाब तक न पहुंचे और पर्यावरण स्वच्छ बना रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कला केंद्र से लगी खाली भूमि पर भविष्य में ओपन थिएटर निर्माण की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। साथ ही कला केंद्र के संरक्षण, संवर्धन एवं समुचित रखरखाव के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती जमील ने सुभाष चौक स्थित आयुष चिकित्सालय व पंचकर्म स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था तथा वर्षा के दौरान जलभराव की संभावनाओं का जायजा लेते हुए नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सियान गुड़ी के लिए भवन चयन के संबंध में भी स्थल का अवलोकन कर आवश्यक चर्चा की।
thenewsindia@gmail.com