कलेक्टर श्री लंगेह ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

कलेक्टर श्री लंगेह ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा

72 आवेदन प्राप्त

महासमुंद : कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। जनदर्शन में कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में कोमाखान तहसील के ग्राम भलेसर निवासी श्री हेमनाथ सिन्हा ने अपनी भूमि बटांकन में सुधार के लिए आवेदन किया। इसी तरह टेमरी सरायपाली के प्रहलाद चौहान ने पट्टा की मांग के लिए, परसवानी निवासी श्री कृष्णा साहू ने पीएम आवास के लिए, ग्राम पंचायत भलेसर के ग्रामीणजनों ने स्कूल पारा से 11 केवी विद्युत पोल हटवाने, सुनसुनिया बागबाहरा के श्री दुलार सिंग टंडन ने अपने खेत के पास से पोल्ट्री फार्म हटवाने के लिए आवेदन किया।

साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, अवैध अतिक्रमण, लम्बित राशि भुगतान एवं अन्य आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।