’लोक निर्माण विभाग के सचिव ने की प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा’

कोरिया : लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को बैकुंठपुर स्थित सर्किट हाउस में विभाग के प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की।

’लोक निर्माण विभाग के सचिव ने की प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा’

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा

’विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव एवं विभागीय अधिकारी रहे उपस्थित’

कोरिया : लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को बैकुंठपुर स्थित सर्किट हाउस में विभाग के प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री विजय कुमार भतपहरी तथा लोक निर्माण एवं सेतु विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों के संबंध में सचिव श्री बंसल से चर्चा की। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने वर्ष 2026-27 की प्राथमिकता सूची के अंतर्गत खरवत चौक (एनएच-43) से गेज नदी पुल होते हुए जमगहना मुख्य मार्ग तक 13 किलोमीटर लंबाई के चार लेन सड़क निर्माण कार्य के लिए 9,648.27 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

कलेक्टर ने बताया कि वर्ष 2024-25 के मुख्य बजट में बिशुनपुर से सलका-बैकुंठपुर बायपास मार्ग के 7.70 किलोमीटर लंबाई के निर्माण कार्य को पुल-पुलिया सहित 700 लाख रुपये के बजट प्रावधान के साथ शामिल किया गया है। इस परियोजना के लिए 2,284.07 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार कर प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया गया।

उन्होंने वर्ष 2025-26 की प्राथमिकता सूची में शामिल बैकुंठपुर से चोटिया मार्ग के दो लेन एवं पेव शोल्डर निर्माण कार्य, दुधनियाकला में दिनेश किराना से संतोषी मंदिर थाडपाथर देव स्थल तक 3 किलोमीटर ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य तथा वर्ष 2026-27 की द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना के अंतर्गत बैकुंठपुर-भैयाथान- प्रतापपुर-बलरामपुर मार्ग के निर्माण, उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

बैठक में जिले की महत्वपूर्ण पुल परियोजनाओं पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने जानकारी दी कि खंधौरा से सोस मार्ग पर गेज नदी में 773.30 लाख रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल निर्माण होने पर जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी तथा 11 गांवों के लगभग 12 हजार लोगों को आवागमन सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार सोस से चिरमी मार्ग पर गेज नदी में 650 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पुल निर्माण से सात गांवों के करीब 12 हजार लोगों को लाभ मिलेगा और जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 15 किलोमीटर कम होगी।

उन्होंने आनंदपुर-दसेर मार्ग पर दसेर नदी में 850 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण का भी प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस पुल के निर्माण से दसेर ग्राम सहित आसपास के सात गांवों के दो हजार से अधिक ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।

विधायक श्री राजवाड़े ने सचिव श्री बंसल को जानकारी दी कि सड़क चौड़ीकरण तथा पुल निर्माण नगरवासियों व जिलेवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग है, इस कार्य को पूर्ण होने से आम नागरिकों को बड़ी सुविधा भी मिलेगी। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने सोनहत विकासखंड मुख्यालय में लोक निर्माण विभाग द्वारा एक सुसज्जित सर्किट हाउस निर्माण कराने का भी आग्रह किया।

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने विधायक एवं कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत सुझावों और प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा प्रक्रिया का विधिवत पालन करते हुए एकीकृत प्राक्कलन शासन को भेजा जाए, ताकि निविदा प्रक्रिया समय पर प्रारंभ की जा सके।

सचिव श्री बंसल ने लोक निर्माण एवं सेतु विभाग के अधिकारियों को निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा फील्ड में जाकर गुणवत्तापूर्ण कार्य की गति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप पूरा किया जाना चाहिए।