राज्यपाल के गोद ग्राम टेमरी में कृषि योजनाओं का प्रभाव, किसानों को मिल रहा सीधा लाभ
बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका के गोद ग्राम टेमरी में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक तेजी से पहुंचाया जा रहा है। वर्ष 2025–26 के लिए तैयार की गई विभागीय जानकारी के
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका के गोद ग्राम टेमरी में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक तेजी से पहुंचाया जा रहा है। वर्ष 2025–26 के लिए तैयार की गई विभागीय जानकारी के अनुसार ग्राम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित कई योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में बेहतर उपलब्धि
ग्राम टेमरी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 559 किसानों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से अब तक 527 किसानों को लाभ मिल चुका है। विभाग के अनुसार कुछ किसानों का ऑनलाइन पंजीयन अभी शेष है, जबकि 32 किसान तकनीकी कारणों से पंजीयन नहीं करा पाए हैं। पोर्टल में सुधार होते ही इनका पंजीयन भी कराया जाएगा।
फसल बीमा योजना में शत-प्रतिशत लाभ
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ग्राम के किसानों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जा रहा है। खरीफ मौसम में 501 किसानों तथा रबी मौसम में 226 किसानों को योजना का लाभ मिल चुका है। कृषि विभाग का कहना है कि बीमा योजना के प्रति किसानों में जागरूकता बढ़ी है और अब अधिक किसान इसमें शामिल हो रहे हैं।
दलहन–तिलहन और वैकल्पिक फसलों का बढ़ा रकबा
कृषि विभाग द्वारा किए गए सर्वे के अनुसार ग्राम टेमरी में धान के स्थान पर दलहन, तिलहन तथा अन्य वैकल्पिक फसलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहां 242 हेक्टेयर में वैकल्पिक फसलें ली जाती थीं, वहीं इस वर्ष 40 हेक्टेयर में ही धान की फसल ली गई है और 412 हेक्टेयर में दलहन–तिलहन व अन्य फसलें बोई गई हैं।
प्रमाणित बीज उत्पादन और रागी की खेती की शुरुआत
ग्राम में प्रमाणित बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत चना और रागी फसलों का कुल 15.70 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन किया जा रहा है, जिसमें 9 किसानों ने भाग लिया है। साथ ही ग्राम टेमरी में पहली बार 4 हेक्टेयर क्षेत्र में रागी की खेती शुरू की गई है, जिसे किसानों के लिए एक नई पहल माना जा रहा है।
कृषि विभाग की पहल से ग्रामीणों में उत्साह
कृषि विभाग की योजनाओं और निरंतर निगरानी के कारण किसानों में नई फसलों के प्रति रुचि बढ़ी है। विभाग के अनुसार गोद ग्राम होने के कारण यहां योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है और आने वाले समय में और अधिक किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
thenewsindia@gmail.com