एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भोरिंग का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भोरिंग का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा

कीर्ति ठाकुर ने 81 प्रतिशत के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया

महासमुंद : एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भोरिंग का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 15 अप्रैल को जारी किए गए इस परिणाम में विद्यालय के छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में कीर्ति ठाकुर ने 500 में से 405 अंक अर्जित कर 81 प्रतिशत के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं मनीषा ध्रुव ने 397 अंक (79.4 प्रतिशत) के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि कामना ध्रुव 391 अंक (78.2 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा ऐश्वर्या और जाग्रति ठाकुर ने भी क्रमशः 76.6 और 76.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष पांच में अपनी जगह बनाई।

विद्यालय में इस वर्ष कुल 53 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 48 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। चार विद्यार्थियों को कम्पार्टमेंट प्राप्त हुआ है और एक विद्यार्थी अनुपस्थित रहा। विषयवार प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने विशेष रूप से हिंदी और सामाजिक विज्ञान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हिंदी विषय में अधिकतम 92 अंक प्राप्त किए गए, वहीं सामाजिक विज्ञान में कामना ध्रुव ने सर्वाधिक 95 अंक हासिल हासिल किया।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही कम्पार्टमेंट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष कोचिंग सत्र आयोजित की जाएगी ताकि वे आगामी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।