महतारी वंदन योजना अंतर्गत हितग्राहियों के ईकेवायसी हेतु सीएससी ऑपरेटर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

महतारी वंदन योजना अंतर्गत हितग्राहियों के ईकेवायसी हेतु सीएससी ऑपरेटर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा

बलरामपुर : कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत ईकेवायसी सुनिश्चित करने पहल करते हुए सीएससी ऑपरेटर एवं आंगनवाड़ी पर्यवेक्षकों का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के सभी 6 विकासखण्डों में आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम इस उद्देश्य  01 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक जिले के सभी पात्र हितग्राहियों का ईकेवायसी कार्य सुचारू एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाना है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी है कि राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ईकेवायसी कराना अनिवार्य किया गया है, जिससे योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सही पात्र व्यक्तियों तक सुनिश्चित किया जा सके। जिसके लिए प्रशिक्षण के माध्यम से सभी संबंधित कार्मिकों को ईकेवायसी प्रक्रिया, पोर्टल संचालन, हितग्राही सत्यापन एवं फील्ड स्तर पर समन्वय की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण में प्रत्येक हितग्राही का ईकेवायसी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा हितग्राहियों को सीएससी तक लाने में सहयोग, ऑपरेटर द्वारा निःशुल्क एवं पारदर्शी ईकेवायसी प्रक्रिया सुनिश्चित करना, हितग्राहियों की व्यक्तिगत जानकारी एवं ओटीपी की गोपनीयता बनाए रखना, दैनिक प्रगति की मॉनिटरिंग एवं समय पर रिपोर्टिंग करने के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले में सभी पात्र हितग्राहियों की सूची के आधार पर कार्य किया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न हो। उन्होंने बताया कि कोई भी हितग्राही न छूटे इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई हितग्राही निर्धारित अवधि में केवाईसी से वंचित रह जाता है, तो उसे पुनः अवसर प्रदान करते हुए 01 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 के मध्य कार्य पूर्ण कराया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सीएससी ऑपरेटर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ईकेवायसी कार्य को अभियान के रूप में संचालित करने की रणनीति बनाई गई है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें, ताकि महतारी वंदन योजना का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुँच सके।