ग्राम लोहारडीह में समाधान शिविर का हुआ आयोजन
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
समाधान शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सीधा माध्यम - विधायक श्री सिन्हा
महासमुंद : प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत लोहारीडीह में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक महासमंुद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष ऐतराम साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू मौजूद थे।

इस अवसर पर विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर एवं आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव एवं क्षेत्र में ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की।

विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। यह एक ऐसा मंच है, जहां आम जनता, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन एक साथ बैठकर समस्याओं का समाधान निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गौरव का विषय है कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 70 लाख माताओं एवं बहनों को लाभ मिल रहा है। इस क्षेत्र में भी हजारों महिलाओं को योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है तथा नए पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी आगे जारी रहेगी। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत क्षेत्र की 15 पंचायतों में 3 हजार 611 हितग्राहियों को आवास मिल गई है। राज्य एवं केंद्र सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए और कोई भी व्यक्ति आवास से वंचित न रहे।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कई महत्वपूर्ण कार्य अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। बजट में की गई घोषणाओं को शामिल कर तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है। सिकसेर-कोडार परियोजना भी अब फलीभूत हो रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों को आने वाले समय में बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है तथा आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। समाधान शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जा रहा है। इससे लोगों का शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। श्री चंद्राकर ने कहा कि अधिकारियों से कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता बनाए रखें तथा प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू ने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे लोगों को त्वरित लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी मंच है। श्री साहू ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, अंजली खैरवार, सुधा चंद्राकर, श्री राहुल चंद्राकर, श्री महेन्द्र सिक्का, श्री प्रशांत श्रीवास्तव, श्री आनंद साहू, श्री रमेश साहू, श्री अरविन्द प्रहरे, श्री राजू चंद्राकर, श्रीमती डिगेश्वरी चंद्राकर, एसडीएम अक्षा गुप्ता, तहसीलदार श्री जुगल किशोर पटेल, जनपद सीईओ श्री बी.एस. मंडावी, सरंपचगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं 16 ग्राम के नागरिकगण बड़ी संख्या में मौजूद थे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजनों की समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्राप्त कर त्वरित कार्यवाही की गई। विधायक श्री सिन्हा ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों से संवाद किया एवं अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं सरलता के साथ पहुंचे। साथ ही शिविर में मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ का वितरण किया गया।
thenewsindia@gmail.com