ब्रेकिंग न्यूज़

  पंजाब विधानसभा चुनाव: भाजपा से नाता तोड़ने वाले शिरोमणि अकाली दल और बसपा के बीच गठबंधन!
एजेंसी 
नई दिल्ली : 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव शिरोमणि अकाली दल (शिअद) बहुजन समाज पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगा। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारा का मामला भी सुलझ गया है। अकाली दल ने बसपा को 18 सीटें देने पर हामी भरी है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा दोनों दलों की ओर से अभी की जानी है।

केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर शुरू हुए किसान आंदोलन के चलते सितंबर 2020 में शिअद ने भाजपा से किनारा कर लिया था। इसके बाद शिअद दूसरे दल से राजनीतिक गठबंधन पर विचार कर रहा था। पंजाब में दलितों का करीब 34 फीसदी वोट बैंक है और शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल चुनाव जीतने के बाद दलित समुदाय से डिप्टी सीएम बनाने का एलान कर चुके हैं। 

पिछले कुछ दिनों से शिअद और बसपा के नेताओं के बीच गठबंधन को लेकर बैठकों का दौर चल रहा था। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पेच फंसा था। शिअद, बसपा को 117 में से 18 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रहा था, जबकि बसपा 37 से 40 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही थी। 
 
कई दौर की बैठकों के बाद अब दोनों दलों में सीटों को लेकर सहमति बन गई है। शिअद की ओर से बसपा को 18 सीटें दी जाएंगी। दोनों दलों के नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार एक-दो दिन में इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook