ब्रेकिंग न्यूज़

 कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव रिजल्ट : शुरुआती रुझानों में BJP को बढ़त, 15 सीटों पर मतगणना शुरू
कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना राज्य के 11 केंद्रों में सोमवार सुबह शुरू हो गई। ये चुनाव परिणाम राज्य में चार महीने पुरानी बीएस येदियुरप्पा नीत भाजपा सरकार का भविष्य तय करेंगे। इन उपचुनावों के लिए पांच दिसंबर को मतदान हुए थे। शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बढ़त बना ली है। दोपहर बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

इस उपचुनाव के नतीजों से ही साफ होगा कि राज्य में येदियुरप्पा की सरकार रहेगी या जाएगी। कर्नाटक में भाजपा के पास फिलहाल 105 विधायक हैं, जिसमें एक निर्दलीय विधायक भी शामिल है। कांग्रेस के 66 और जेडीएस के 34 विधायक हैं। इनके अलावा बीएसपी का भी एक विधायक है। ऐसे में उपचुनाव के नतीजों पर कांग्रेस की भी निगाहें टिकी हुई हैं। भाजपा को राज्य की सत्ता में बने रहने के लिए 225 सदस्यीय विधानसभा (स्पीकर सहित) में 15 सीटों (जिन पर उपचुनाव हुए हैं) में कम से कम छह सीटें जीतने की जरूरत है।

ये उपचुनाव 17 विधायकों को अयोग्य करार देने से पैदा हुई रिक्तियों को भरने के लिए कराए गए। इन विधायकों में कांग्रेस और जद(एस) के बागी नेता शामिल थे। इन विधायकों की बगावत के चलते जुलाई में एचडी कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जद(एस) सरकार गिर गई थी और भाजपा के सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ। विधानसभा में अभी भाजपा के पास 105 (एक निर्दलीय सहित), कांग्रेस के 66 और जद (एस) के 34 विधायक हैं। बसपा का भी एक विधायक है। इसके अलावा एक मनोनीत विधायक और विधानसभा अध्यक्ष हैं।

अयोग्य करार दिए गए 13 विधायकों को भाजपा ने अपना टिकट दिया। उपचुनाव लड़ने के लिए सुप्रीम कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद पिछले महीने वे भाजपा में शामिल हो गए थे। जिन 15 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें 12 पर कांग्रेस और तीन पर जद (एस) का कब्जा है। उल्लेखनीय है कि, राज्य में ये उपचुनाव 21 अक्टूबर को होने थे लेकिन चुनाव आयोग ने इसे पांच दिसंबर के लिए टाल दिया था। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने अयोग्य करार दिए विधायकों की याचिकाओं की सुनवाई करने का फैसला किया था।
 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook