ब्रेकिंग न्यूज़

 हाॅट-बाजारों में जनमन पत्रिका का वितरण
दूरस्थ अंचलों के नागरिकों को मिल रही है महत्वपूर्ण जानकारी
बलरामपुर : राज्य शासन द्वारा प्रतिमाह जनमन पत्रिका का प्रकाशन कर निःशुल्क वितरण किया जाता है। राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजनाएं, सरकारी एवं गैर सरकारी महत्वपूर्ण सूचनाएं, छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परम्परा और तीज त्यौहार की जानकारियां पत्रिका के माध्यम से प्रकाशित की जाती हैं। छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचलों एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में हाॅट-बाजारों की पुरानी परम्परा है। साप्ताहिक हाॅट बाजारों में आस-पास के ग्रामीण अपने जरूरत के समानों का क्रय-विक्रय करने पहुंचते हैं। शासन महत्वपूर्ण गतिविधियां, सूचनाएं अंतिम जन तक पहुंचे, इसी उद्देश्य के साथ हाॅट-बाजारों में जनमन पत्रिका का वितरण किया गया। ग्रामीणों में जनमन की प्रति प्राप्त करने में गजब का उत्साह देखा गया।
 
मजबूत सूचना तंत्र के इस दौर में भी दूरस्थ अंचलों के नागरिकों को महत्वपूर्ण एवं विश्वसनीय जानकारी प्राप्त नहीं हो पाती है। ऐसे में जनमन के माध्यम से शासन द्वारा किये जा रहे
सकारात्मक प्रयास सराहनीय हैं। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे हाॅट-बाजार क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना तथा डाॅ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना आदि की सूक्ष्म एवं महत्वपूर्ण जानकारियां जनमन के माध्यम से प्राप्त हो रही है।
 
राज्य में हो रहे नवाचार एवं अभिनव पहल को भी जनमन स्थान देता है। हाॅट-बाजार पहुंची महिलाओं ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारियां हमें जनमन से प्राप्त होती है। सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान तथा उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी हमें प्रोत्साहित करती हैं। युवाओं का कहना है कि जनमन न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी है बल्कि बौद्धिकता और रचनात्मकता के विकास के साथ ही छत्तीसगढ़ी संस्कृति को जानने और समझने का महत्वपूर्ण साधन भी है। आदिवासी नृत्य महोत्सव, युवा महोत्सव के द्वारा छत्तीसगढ़ी संस्कृति और अस्मिता को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर जो पहचान मिली है और जनमन में लेखों के माध्यम से इसका सचित्र वर्णन युवाओं की क्षमता को बल देता है।

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook