बलरामपुर : जिले के प्रभारी सचिव ने बगरा में हुए पौधरोपण का किया निरीक्षण
बांस शिल्प से जुड़े लोगों को करें प्रोत्साहित: श्री पिंगुआ
बलरामपुर : छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव वाणिज्य एवं उद्योग, वन तथा जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने ग्राम पंचायत बगरा में संयुक्त वन प्रबंधन समिति मद से हुए पौधरोपण का निरीक्षण किया।

सयुंक्त वन प्रबंधन समिति मद से 28 हेक्टेयर भूमि में आंवला के पौधे लगाए गए हैं। प्रभारी सचिव श्री पिंगुआ ने वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर पौधरोपण के संबंध में पूर्ण जानकारी ली। वन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि आंवले के पौधों में अच्छे फल लगे हैं।

इस दौरान उन्होंने बांस शिल्प से जुड़े कार्य में संलग्न स्थानीय कोड़ाकू जनजाति के लोगों से बात की। उन्होंने कलेक्टर को निर्देशित करते हुए कहा कि बांस शिल्प से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित किया जाए तथा इनके कार्यों को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाए।

इन्हें बांस उपलब्ध करवाएं तथा बांस शिल्प से संबंधित ऐसी सामग्रियां तैयार करवाएं, जिनकी बाजार में मांग अधिक है। प्रभारी सचिव ने इनकी कला को प्रोत्साहन देने के लिए ऐसी व्यवस्था करें जिससे हस्तशिल्प प्रदर्शनियों में इन्हें उचित स्थान मिले।
इसके साथ ही प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने विकासखंड वाड्रफनगर के बसंतपुर में एनआरएलएम महिलाओं द्वारा संचालित तेल प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं से तेल निर्माण की प्रक्रिया की सूक्ष्म जानकारी ली। श्री पिंगुआ ने कच्चे माल का स्टोर रूम, क्लीनिंग रूम, मशीन रूम का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं से तेल विक्रय से होने वाली आय की जानकारी ली। महिलाओं ने उन्हें बताया कि सरसों तेल की आपूर्ति आश्रम, छात्रावासों, हॉस्टलों तथा स्थानीय दुकानों में की जाती है।
इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक सरगुजा वन वृत्त श्री बी.के.मिंज, पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू, वनमण्डलाधिकारी श्री लक्ष्मण सहित जिला एवं ब्लाॅक स्तरीय तथा वन विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित थे।
Leave A Comment