ब्रेकिंग न्यूज़

 बलरामपुर : ओलावृष्टि पर सरकार गंभीर, मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से दूरभाष पर की चर्चा, कलेक्टर ने लिया प्रभावित क्षेत्रों का जायजा
बलरामपुर : मौसम में अचानक हुए बदलाव तथा ओलावृष्टि के कारण जिले का रामचन्द्रपुर और बलरामपुर विकासखण्ड प्रभावित हुआ है। किसानों के फसलों एवं सब्जियों को भी भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा से फोन पर बात की। उन्होंने कलेक्टर से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली तथा सर्वे का कार्य शीघ्र पूर्ण कर किसानों को उचित मुआवजा देने संबंधी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं स्थिति पर नजर बनाये हुए है।

 राजस्व, कृषि और उद्यानिकी विभाग की संयुक्त टीम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सर्वे का कार्य कर रही है। कलेक्टर ने तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे पटवारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करें और निर्धारित राजस्व नियमों के अनुसार सर्वे का कार्य समय पर पूर्ण करें। प्रभावित किसानों के क्षतिग्रस्त क्षेत्र के रकबा का आंकलन कर प्रविष्टि करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रभावित कोई भी किसान छूटना नहीं चाहिए। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने ओलावृष्टि से प्रभावित बलरामपुर विकासखण्ड के डौरा और डुमरखोला क्षेत्र का दौरा कर किसानों से चर्चा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार किसानों को आश्वस्त किया है कि पूरा शासन-प्रशासन उनके साथ है। फसलों को हुए नुकसान की सम्पूर्ण क्षतिपूर्ति दी जाएगी। 

कलेक्टर ने जानकारी दी है कि प्राकृतिक आपदा के फलस्वरूप फसलों की क्षति होने पर राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 में निहित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाती है। चूंकि जिले में प्राकृतिक आपदा के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है, सर्वे उपरांत प्रावधानों के तहत् किसानों को उचित मुआवजा राशि प्रदान किया जाएगा।

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook