कोरबा एक अगस्त तक खरीदा चार लाख किलो से अधिक गोबर
आज ढाई हजार से अधिक संग्राहको को मिलेगा आठ लाख रूपए से अधिक का भुगतान
गोबर खरीदी का पहला भुगतान आज, नगद नही मिलेगी राशि, को-आॅपरेटिव बैंक के खाते में सीधे आएगी राशि
कोरबा 04 अगस्त 2020/हरेली त्यौहार पर 20 जुलाई से शुरू हुई गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी का पहला भुगतान आज 5 अगस्त को गोबर संग्राहको के खाते में हो जाएगा। कोरबा जिले में 20 जुलाई से 01 अगस्त तक 2 हजार 757 गोबर संग्राहको से चार लाख 656 किलो गोबर की खरीदी की गई है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक गोबर खरीदी के लिए संग्राहको का पंजीयन तेजी से किया जा रहा है। 01 अगस्त तक खरीदे गए गोबर की राशि आठ लाख एक हजार 313 रूपए 05 अगस्त को संग्राहको के खाते में हस्तांतरित हो जाएगी। जिले के पांच विकासखण्डो के ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक तीन लाख छह हजार 157 किलो गोबर की खरीदी हुई है। जिसकी छह लाख 12 हजार 314 रूपए की राशि संग्राहको के खातो में आएगी। इसी प्रकार पांच नगरीय निकाय क्षेत्रो में गोबर संग्राहको ने 94 हजार 500 किलो गोबर गोठान समितियों को बेचा है। इस बेचे गए गोबर की कीमत एक लाख 88 हजार 999 रूपए संग्राहको के खाते में कल सीधे जमा हो जाएगा।
जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोबर खरीदी की सबसे अधिक राशि 2 लाख 57 हजार 136 रूपए पाली विकासखण्ड के संग्राहको को मिलेगी। पाली विकासखण्ड में 54 गोठान समितियों के माध्यम से एक लाख 28 हजार 568 किलो गोबर खरीदा गया हैै। नगरीय क्षेत्र में गोबर खरीदी का सर्वाधिक पैसा कोरबा नगर निगम क्षेत्र के गोबर संग्राहको को मिलेगा। कोरबा नगर निगम क्षेत्र में गोकुल नगर गोठान के माध्यम से एक अगस्त तक 84 हजार 333 किलो गोबर खरीदा गया है, जिसकी राशि एक लाख 68 हजार 666 रूपए संग्राहको को मिलेगी। पोड़ीउपरोड़ा विकासखण्ड में 51 गोठानो के माध्यम से 58 हजार 258 किलो गोबर की खरीदी हुई है और उसका एक लाख 16 हजार 516 रूपए भुगतान संग्राहको को कल मिल जाएगा। इसी तरह कटघोरा विकासखण्ड में एक अगस्त तक 22 गोठान समितियों ने 56 हजार 136 किलो गोबर की खरीदी की है। जिसके लिए संग्राहको को एक लाख 12 हजार 272 रूपए मिलेंगें। कोरबा विकासखण्ड में 47 हजार 099 किलो गोबर बेचने पर 94 हजार 158 रूपए, करतला विकासखण्ड में 16 हजार 053 किलो गोबर बेचने पर 32 हजार 106 रूपए का भुगतान संग्राहको को कल 5 अगस्त को किया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों मे दीपका नगर पालिका क्षेत्र के गोबर संग्राहको को 4 हजार 404 किलो गोबर बेचने के ऐवज में 8 हजार 809 रूपए, नगर पंचायत पाली क्षेत्र में 2 हजार 691 किलो गोबर बेचने पर 5 हजार 382 रूपए, नगर पंचायत छुरीकला क्षेत्र में 2 हजार 245 किलो गोबर बेचने पर संग्राहको को 4 हजार 490 रूपए और नगर पंचायत कटघोरा क्षेत्र में 826 किलो गोबर संग्राहको से खरीदने पर उन्हें एक हजार 652 रूपए का भुगतान कल होगा।
गोधन न्याय योजना के तहत खरीदे गए गोबर की राशि संग्राहको के बैेक खातों मे सीधे जमा होंगी। गोबर खरीदी की राशि का किसी भी संग्राहक को नगद भुगतान नहीं होगा। संग्राहको के बैंक में खाते खोलने के लिए गोठान समितियों के सदस्य, कृषि, पशुपालन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मैदानी कर्मचारी मदद कर रहे है। गोठान समितियों के खाते काॅ-आॅपरेटिव बैंक में ही खोले जा रहे है ताकि गोबर से बने वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री से मिली राशि सीधे खातो में जमा की जा सके। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार गोबर संग्राहको को खरीदे गए गोबर का पहला भुगतान कल पांच अगस्त को किया जाएगा।
जिले में गोधन न्याय योजना के तहत दो रूपए प्रति किलो की दर से दो सौ गोठानो में गोबर की खरीदी की जा रही है। जिले में अभी प्रतिदिन औसतन दस हजार किलो गोबर की खरीदी की जा रही है। गोठान में खरीदे गए गोबर को सुरक्षित रखा जा रहा है। गोबर को पंद्रह दिन बाद वर्मी कम्पोस्ट टांके में डालकर जैविक खाद बनाया जाएगा। गोबर संग्राहको का पंजीयन तेजी से किया जा रहा है। पूरे प्रदेश सहित जिले मे 20 जुलाई को हरेली त्यौहार पर शुरू हुई योजना के पहले दिन ही जिले में पांच हजार किलो से अधिक गोबर की खरीदी की गई। जिले की दो सौ गोठानो में हर दिन गोबर खरीदी की जा रही है। गोबर संग्राहको द्वारा बेचे गए गोबर का पूरा हिसाब भी रखा जा रहा है। बेचे गए गोबर के हिसाब के लिए सभी गौ-संग्राहको को गोबर खरीदी कार्ड दिए गए है। कार्डो में हर दिन खरीदे गए गोबर की मात्रा और राशि की इंट्री कर गोबर संग्राहको तथा गोठान प्रभारी के हस्ताक्षर भी लिए जा रहे है। कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने कृषि और पंचायत तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियो को नियमित रूप से गोठानो का निरीक्षण करने, गोबर खरीदने की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ खरीदे गए गोबर की पूरी जानकारी प्रतिदिन जिला पंचायत के गोठान सेल में देने के निर्देश भी दिए है।
Leave A Comment