कोरिया: सविप्रा उपाध्यक्ष श्री कमरो एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ. जायसवाल के साथ कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज हेतु चयनित भूमि का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के ग्राम मोरगा एवं सिरौली का किया दौरा
कोरिया: सविप्रा उपाध्यक्ष एवं भरतपुर-सोनहत विधायक श्री गुलाब कमरो एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल के साथ कलेक्टर श्री एस एन राठौर ने आज विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के अंतर्गत ग्राम चैनपुर में मेडिकल कॉलेज बनाने हेतु चयनित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्री कमरो एवं डॉ. जायसवाल के साथ मेडिकल कॉलेज निर्माण हेतु निर्धारित आवश्यक मापदण्डों के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल भी मौजूद थीं।
इसके पूर्व कलेक्टर श्री राठौर ने विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के ग्राम मोरगा एवं सिरौली का भी दौरा किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तूलिका प्रजापति भी उपस्थित रही। यहां उन्होंने मनेन्द्रगढ़ के अंतर्गत ग्राम मोरगा में कृषि विभाग द्वारा रोपित अरहर-उर्द के खेत का निरीक्षण किया। यहां वर्ष 2020-21 के लिए आत्मा योजना के अंतर्गत 20 एकड़ भूमि पर अरहर-उर्द की खेती की गई है। कलेक्टर श्री राठौर ने इस जगह का निरीक्षण कर खुली भूमि पर वृक्षारोपण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में वर्षा जल को रोकने के लिए वृक्षारोपण किया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही यहां कंटूर फार्मिंग पर भी चर्चा की।
कलेक्टर श्री राठौर ने कहा कि भूमि के अनुरूप फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाये जिससे कि ग्राम वासियों को आर्थिक लाभ का जरिया भी मिल सके। उन्होंने केवीके, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के माध्यम से नर्सरी तैयार करने पर भी उपस्थित अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नजदीकी ग्रामों में पेयजल व पहुंच मार्ग की जानकारी ली एवं आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। इसके बाद कलेक्टर ने मोरगा ग्राम गौठान का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वसहायता समूह से सीधे संवाद कर गोधन न्याय योजना के तहत गोबर क्रय की जानकारी ली एवं पशुपालक पंजी व गोबर क्रय पत्रक का भी अवलोकन किया। उन्होंने गौठान में चारे की व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने चारे की व्यवस्था के संबंध में गौठान में उपयुक्त जगह चिन्हांकित कर नेपियर घास लगाने एवं चारागाह बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में पौधों के रोपण के लिए भी निर्देश दिये। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने गौठान में आयमूलक गतिविधियों की शुरुआत करने कहा। जिससे स्वसहायता समूहों को भी आर्थिक लाभ मिल सके।
तत्पश्चात कलेक्टर श्री राठौर ने सिरौली स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र में आरईएस द्वारा बनाये जा रहे अतिरिक्त भवन का निरीक्षण किया। यह भवन जनरल वार्ड व डे केयर मरीजों के लिए उपयोग किया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन कक्ष, ओपीडी एवं प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कैंटीन एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण के निर्देश दिये।
Leave A Comment