ब्रेकिंग न्यूज़

 बलरामपुर : नाशपाती का विक्रय कर महिला समूह को हुई 44 हजार रूपये की आय

विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर महिलाएं हो रही हैं आर्थिक रूप से सक्षम

बलरामपुर 02 जुलाई : विकासखण्ड कुसमी के नटवरनगर स्थित शासकीय उद्यान में लगाये गये नाशपाती की नीलामी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की लक्ष्मी स्वसहायता समूह को बिक्री का मौका मिला था। समूह की महिलाओं ने नाशपाती का विक्रय कर 44 हजार 274 रूपये की शुद्ध आय प्राप्त की है। उद्यानिकी विभाग द्वारा इस वर्ष नाशपाती की नीलामी में केवल महिला समूहों को शामिल किया गया था। महिला समूहों को नीलामी में शामिल करने के पीछे प्रशासन की मंशा थी कि महिलाओं को आजीविका मूलक कार्यों से जोड़कर रोजगार के अवसर प्रदान किये जाएं। महिलाओं के परिश्रम एवं क्षमता का ही परिणाम है कि प्रशासन की मंशा साकार होती दिख रही है। महिलाओं ने नीलामी के पश्चात् नर्सरी में लगे नाशपाती के पौधों की उचित देखभाल की तथा फल के तैयार होने के बाद बाजार में अच्छे दामों में विक्रय किया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरिष एस0 ने बताया कि गत् वर्ष की भांति इस वर्ष भी शासकीय नर्सरी के नाशपातियों की नीलामी महिला समूहों के बीच की गई थी। नीलामी के पश्चात् नाशपातियों के बिक्री की जिम्मेदारी लक्ष्मी स्वसहायता समूह को मिली थी। समूह की महिलाओं ने परिश्रम के बल पर कुछ ही दिनों में अच्छी आय प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि जिले में महिला समूहों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के सभी प्रयास किये जा रहे हैं। महिलाएं लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े विभिन्न कार्यों में संलग्न हैं, जिससे अच्छी आय की प्राप्ति के साथ ही उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। महिला समूहों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए आने वाले वर्षों में इस दिशा में और प्रयास किये जाएंगे। नाशपाती के विक्रय कार्य से जुड़ी लक्ष्मी स्वसहायता समूह की अध्यक्ष राधिका पैकरा ने बताया कि नीलामी के पश्चात् हमें नाशपातियों की बिक्री का मौका मिला। नाशपाती के विक्रय से हमें कुल 01 लाख 19 हजार 824 की राशि प्राप्त हुई, जिसमें नीलामी एवं परिवहन के खर्च उपरांत 44 हजार 274 रूपये की शुद्ध आय प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि जिले में व्यवसायिक गतिविधियों में महिलाओं के लिए अनुकूल वातावरण तथा समान अवसर प्रदान करने का प्रशासन का यह उद्देश्य हमें प्रोत्साहित करता है। समूह की महिलाओं द्वारा अर्जित इस सफलता से उनका उत्साह एवं आत्मविश्वास बढ़ा है।
 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook