जिला प्रशासन की पहल पर ग्राम पंचायत चपदा के पंडो पारा के हैंडपंप की हुई मरम्मत
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
पंडो परिवार व अन्य क्षेत्रवासियों को मिलेगा शुद्ध पेयजल सुविधा का लाभ
सूरजपुर : कुछ दिन पूर्व कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन द्वारा जनपद पंचायत ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत चपदा के पंडोपारा का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान पंडो परिवारों की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या का जिक्र किया गया और बताया गया कि स्थल के 02 हैंडपंप क्रियाशील नहीं हैं। पेयजल व्यवस्था के मद्देनजर कलेक्टर ने इसे तुरंत संज्ञान में लिया, और मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। उनके निर्देश के अनुपालन मे पीएचई विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम पंचायत चपदा के पंडो पारा स्थित 02 हैंडपंपों का सुधार कार्य कराया गया। वर्तमान में दोनों हैंडपंप क्रियाशील हैं, इस पहल से पंडो समाज के लगभग 35 परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से व आसपास के क्षेत्रवासियों को भी लाभ प्राप्त हुआ है। पंडो पारा में कुल 30 पंडो परिवार निवासरत हैं, जिनकी कुल जनसंख्या लगभग 94 है। इस कार्य के लिए ग्राम वासियों ने जिला प्रशासन तथा ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त किया है।
Leave A Comment