कोरिया : जिला प्रशासन बाहर से आये श्रमिकों की हर संभव मदद को तैयार, बसों के सेनेटाइजेशन एवं भोजन की व्यवस्था के साथ घर तक पहुंचाने हेतु दे रहे बसों की सुविधा
कोरिया 26 मई : देश के अन्य हिस्सों से श्रमिक अपने राज्य को लौट रहे हैं। विभिन्न राज्यों एवं शहरों से प्रदेश के श्रमिक राज्य में वापस आ रहे हैं। कोरिया जिले में प्रवासी श्रमिकों और अन्य लोगों के उनके सकुशल प्रदेश वापसी के बाद उनके गांव और जिले तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बसों की सुविधा दी जा रही है।
कलेक्टर ने आज यहां बताया कि अब तक नगरीय निकायों में अन्य राज्यों एवं शहरों से आये 136 श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने हेतु बसें उपलब्ध कराई गई हैं। इन नगरीय निकायों में नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा से 90 लोग, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ से 18 एवं नगर पालिक निगम चिरमिरी से 02 एवं नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर से 26 शामिल है। इसके साथ ही नगरीय निकायों में पहुंचे अब तक 534 श्रमिकों को भोजन प्रदाय किया गया है, जिसमें 370 पुरूष एवं 164 महिलाएं शामिल हैं। इसी तरह जनपद पंचायत में भी श्रमिकों के लिए समस्त व्यवस्थाएं की गई हैं। जिले की समस्त जनपद पंचायतों में 575 श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने हेतु बसें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही नगरीय निकायों में पहुंचे अब तक 994 श्रमिकों को भोजन प्रदाय किया गया है, जिसमें 756 पुरूष एवं 238 महिलाएं शामिल हैं। प्रवासी श्रमिकों को लाने-ले जाने के लिए लगाई गई सभी बसों को सेनेटाइज किया गया है एवं यात्रा के दौरान उनके भोजन की भी व्यवस्था की जाती है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के विशेष प्रयासों से कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु लॉकडाउन के बीच देश के विभिन्न राज्यो में फंसे छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिको की सकुशल वापसी हो रही है। प्रवासी श्रमिकों की जिले वापसी के बाद जिले में चेक पोस्ट में स्वास्थ्य परीक्षण स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जा रही है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सभी श्रमिकों को उनके गांव में संचालित क्वारंटाइन सेंटर तक बसों के माध्यम से सकुशल सुरक्षित पहुँचाया जा रहा है। क्वारंटाइन केंद्रों में प्रवासी श्रमिकों के लिए स्वल्पाहार और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जा रही है।
Leave A Comment