ब्रेकिंग न्यूज़

 कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा 

शासन के निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप किसानों से धान खरीदी करने के दिये निर्देश
 
बलरामपुर : कलेक्टर श्री रिमिजियुस एक्का धान खरीदी के सुचारू संचालन का जायजा लेने विकासखण्ड बलरामपुर के धान खरीदी केन्द्र बरदर पहुंचे। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्थाओं, खरीदी पंजी तथा ऑफलाइन एवं ऑनलाइन काटे गये टोकन की सघनता से जांच की। कलेक्टर ने उपस्थित संबंधित नोडल अधिकारी को उपार्जन केन्द्र में बेहतर और सुचारू व्यवस्था बनाएं रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसका ध्यान रखें।
 
कलेक्टर श्री एक्का ने धान की गुणवत्ता का अवलोकन किया और नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच भी की। उन्होंने शासन के नियमानुसार धान खरीदी के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने खरीदी केन्द्र में किये गये आवश्यक व्यवस्थाओं, पंजीकृत किसानों की संख्या तथा फड़ की व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक से बारदाने, कांटा-बाट, कम्प्यूटर, नमी मापक यंत्र सहित सभी आवश्यक सामग्री के सत्यापन के संबंध में भी जानकारी ली तथा उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने धान के अवैध परिवहन और भंडारण तथा कोचियों-विचौलियों पर नियंत्रण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर, जिला खाद्य अधिकारी, तहसीलदार, उप पंजीयक सहकारिता विभाग सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook