ब्रेकिंग न्यूज़

 निवृत्तमान कलेक्टर श्री शुक्ला को दी भावभीनी विदाई

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा 

बेमेतरा : निवृत्तमान कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला को न्यू सर्किट हाउस बेमेतरा में भावभीनी विदाई दी गई। ज्ञात हो कि राज्य शासन द्वारा हाल ही में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की स्थानांतरण सूची जारी की गई थी, जिसमें श्री शुक्ला को संयुक्त सचिव आवास एवं पर्यावरण विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण के पद पर पदस्थ किया गया है। निवृत्तमान कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरण होना सामान्य प्रक्रिया है। बेमेतरा जिले में पदस्थापना के दौरान जिले के आम नागरिकों, अधिकारियों/कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला। बेमेतरा एक शांत प्रिय जिला है। शांति व्यवस्था कायम रखने पुलिस प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिला। उन्होने कहा कि बहुत कम समय के कार्यकाल में जिले वासियों से स्नेह सम्मान मिला जिसे वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होने जिला प्रशासन के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में विकास को गति देने के लिए सभी का योगदान महत्वपूर्ण रहा है, सभी ने मिलकर एक बेहतर टीम की तरह कार्य किया है। जिससे आम जनों का भरोसा प्रशासन के प्रति बढ़ा है।