ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक  गिल्ली-डंडा, लंगड़ी दौड़, पिट्ठुल, रस्साकसी, फुगड़ी, भौंरा, खो-खो का हुआ आयोजन

 

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा


खैरागढ़ : प्रदेश स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आज से आगाज हुआ जिसमें गांव के बच्चों से लेकर बड़ो में बहुत उत्साह नजर आया। जिले में गांव-गांव में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के माध्यम से पारम्परिक खेल गिल्ली-डंडा, लंगड़ी दौड़, पिट्ठुल, रस्साकसी, फुगड़ी, भौंरा, खो-खो सहित अन्य खेलों का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों से लेकर कलेक्टर डॉ. जगदीश कुमार सोनकर सहित अन्य लोगों ने भी रस्सा खींच कर खिलाड़ियों और ग्रामीणों के उत्साह को दोगुना किया। खैरागढ़ में आयोजित खेलकूद में विधायक प्रतिनिधि श्री नीलांबर वर्मा उपस्थित थे।  नगर पंचायत छुईखदान के अन्तर्गत राजीव युवा मितान क्लब के आलंपिक का शुभारंभ अध्यक्ष श्रीमती पर्तिका महोबिया द्वारा किया गया।

राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के खेल प्रतिभाओें को आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। छोटे बच्चों से लेकर महिलाएं, पुरूष खेलों में शामिल हुए। खैरागढ़ शहर के फतेह सिंह मैदान मे छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया गया। यहां लंगड़ी दौड़, पिठ्ठूल, भौंरा तथा गिल्ली डंडा का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

पारम्परिक खेलों को बढ़ावा देने का बेहतर अवसरः कलेक्टर

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन में शामिल होने ग्रामीणों के साथ नगरीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों के उत्साह को देखते हुए कलेक्टर डॉ. जगदीश सोनकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अपनी परम्परा और पहचान है। यहां की संस्कृति के साथ खेले जाने वाले खेल बहुत महत्व रखते हैं। यह भाईचारे की भावना को विकसित करने के साथ शारीरिक विकास में भी योगदान देता है। गांव-गांव इस तरह के आयोजन होने से एक बार फिर इन खेलों की पहचान बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ी इसे जान पायेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में लोगों को बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।

तीन वर्गों में 14 खेलों का होगा आयोजन-छत्तीसगढ़िया ओलंपिक प्रतियोगिता 3 वर्गाे में आयोजित की जा रही है। पहला 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा 18 से 40 वर्ष की आयु तक वहीं तीसरा 40 वर्ष से अधिक आयु तक महिला और पुरुष दोनों वर्ग में शामिल हो सकते हैं। वहीं छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में पारम्परिक खेल गिल्ली-डंडा, लंगड़ी दौड़, पिट्ठुल, संखली, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी (कंचा), गेड़ी दौड़, फुगड़ी, भौंरा, 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, बिल्लस खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता पहले राजीव मितान क्लब स्तर पर स्पर्धा होगी। आठ क्लब को मिलाकर एक क्लब बनाया जाएगा। चयनित खिलाड़ी विकासखंड स्तर पर होने वाली प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेंगे। इसके बाद विकासखंड, नगरी निकाय क्लस्टर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र और मेडल भी प्रदान किया जाएगा। यह प्रतियोगिता ग्रामीण और नगरीय निकाय दोनों पर आयोजित की जाएगी।

6 अक्टूबर से लेकर 6 जनवरी तक चलेगा आयोजन-छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में सबसे पहले राज युवा मितान क्लब स्तर के आयोजन 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2022 तक होंगे। वही जोन स्तर का आयोजन 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक होंगे। विकासखंड स्तर पर 27 अक्टूबर से 10 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर 17 नवंबर से 26 नवंबर तक और संभागीय स्तर पर आयोजन 5 दिसंबर से 14 दिसंबर के बीच होगा। वही राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़ी ओलंपिक का अंतिम चरण 28 दिसंबर 2022 से 6 जनवरी 2023 तक आयोजित होगा। इस स्तरों के अनुसार इन खेल प्रतियोगिता के आयोजन किया जाएंगे।

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook