कोरबा कोटा से आने वाले 141 विद्यार्थी चौदह दिन क्वारेंनटाइन में रहेंगे
छुरीकला के एकलव्य विध्यालय में प्रशासन ने की व्यवस्था, सबकी मेडिकल जाँच भी होगी
बिलासपुर संभाग के विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ लाने कोटा राजस्थान से आज शाम सात बजे रवाना होंगी बसें
परसों तक कोरबा पहुँचने की सम्भावना
कोरबा 26 अपे्रल 2020/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रयासों से राजस्थान के कोचिंग हब से छत्तीसगढ़ के छात्र-छात्राओं को लेकर बसें आज शाम सात बजे के बाद कोटा से रवाना हो जायेंगी। कोटा से कोरबा जिले के 141 छात्र-छात्राओं के इन बसों से परसों सुबह तक कोरबा पहुँचने की सम्भावना व्यक्त की जा रही है।इन सभी विद्यार्थियों को कोरबा पहुँचने के बाद चौदह दिन क्वारेंनटाइन में रखा जाएगा। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को क्वारेंनटाइन करने छुरी के एकलव्य विध्यालय में सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर ली है। यहाँ विद्यार्थियों के पहुँचने पर उनका मेडिकल चेक अप किया जाएगा। क्वारेंनटाइन अवधि में विध्यार्थी किसी अन्य व्यक्ति के सम्पर्क में नही आएँगे। सर्दी, खांसी, बुखार और साँस की तकलीफ़ वाले विध्यार्थियो की विशेष जाँच भी की जाएगी। बिलासपुर संभाग के विद्यार्थियों को लेकर बसें कोटा में तीन तय जगहों से आज 26 अपे्रल को शाम सात बजे छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगी। कोटा के कंट्री इन से नौ बसें, सत्यार्थ से आठ बसें और कुनहाड़ी से 11 बसें बिलासपुर संभाग के विद्यार्थियों को लेकर रवाना होंगी। कोटा जिला प्रशासन द्वारा इसकी सूचना सभी कोचिंग संस्थानों को दी गई है।
कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने एकलव्य विध्यालय में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को दिए है। उन्होंने कहा कि बच्चों की व्यवस्था और देखरेख के लिए पर्याप्त कर्मचारी की व्यवस्था होनी चाहिए। बच्चों को सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में बताया जाए। क्वारेंटाइन के दौरान क्या करना है और क्या नहीं इसकी भी जानकारी उन्हें दी जाए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य टीम द्वारा प्रतिदिन बच्चों का हेल्थ चेकअप किया जाएगा। बच्चों के लिए स्कूल के हॉस्टल में सेनेटाईजर की व्यवस्था भी होनी चाहिए। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रहेगी।
Leave A Comment