कृषि वैज्ञानिकों ने फसल कटाई के दौरान कोरोना वायरस से बचाव हेतु अपनाये जाने वाले उपायों की दी जानकारी
बलरामपुर: वर्तमान कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण का वैश्विक प्रभाव देखा जा रहा है। कोविड-19 के प्रसार को रोकने हेतु लागू लॉकडाउन के दौरान कृषि कार्य भी प्रभावित हुए है। वर्तमान में खेतों में रबी की फसल तैयार हो चुकी है। कृषि कार्य तथा कृषिगत् गतिविधियों के समयबद्ध होने से फसलों की कटाई तथा विपणन के कार्य को नहीं टाला जा सकता है क्योंकि कृषि कार्यों में देरी से नुकसान की संभावना बढ़ जाती है। किन्तु वर्तमान में कोरोना वायरस के प्रभाव तथा प्रसार को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है। शासन ने इस दिशा में पहल करते हुए कृषि कार्यों की सशर्त अनुमति प्रदान की है।

कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने बताया कि रबी की फसल तैयार हो चुकी है और कृषक इस मौसम में तैयार फसलों की कटाई करते हैं। कोरोना वायरस से बचाव के उपायों का पालन करते हुए कृषक अपने फसलों की कटाई कर सकते है। कृषि विज्ञान केन्द्र बलरामपुर द्वारा फसल कटाई के दौरान कोरोना वायरस से बचाव हेतु अपनाएं जाने वाले उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई है, इनका पालन कृषकों को करना होगा। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक श्री पांडु राम पैंकरा ने बताया कि कुछ सामान्य बातों को ध्यान में रखकर कोरोना वायरस के खतरे को टाला जा सकता है। इन उपायों में प्रमुख रूप से सामाजिक दूरी, हाथों को बार-बार धोना, व्यक्तिगत् स्वच्छता, चेहरे पर मास्क, औजारों की सफाई शामिल है।
कृषकों एवं श्रमिकों को कृषि कार्यों के दौरान सामाजिक दूरी और सुरक्षा उपायों को अपनाना जरूरी है। फसल कटाई के दौरान भीड़ न हो एवं फसल कटाई का कार्य सीमित लोग ही करें, साथ ही मास्क या गमछा का उपयोग करें और समुचित अंतराल पर साबुन से हाथ धोएं। बार-बार नाक, आंख और मुँह को छूने से बचें। खेत में फसल काटने एवं खाना खाते वक्त एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के बीच कम से कम 1.5 से 2 मीटर की दूरी बनाएं रखें एवं पानी पीने हेतु अलग-अलग पानी बोतल की व्यवस्था करें। फसल कटाई की अवधि में पहले दिन इस्तेमाल किए हुए कपड़ों को दूसरे दिन काम में न लें, साथ ही कार्य के दौरान पहने कपड़ों को अच्छी तरह धोकर धूप में सुखाने के पश्चात ही पुनः उपयोग मंे लें। कटाई में प्रयुक्त औजारों की नियमित अंतराल पर सफाई करें। यदि किसी व्यक्ति को खांसी, जुकाम, बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द आदि के लक्षण हो तो उसे कटाई कार्य से अलग रखें और तुरन्त नजदीकी स्वास्थ्य कर्मी को सूचित करें।
Leave A Comment