महासमुंद : प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्र की गरीब महिलाओं को आर्थिक रूप से कर रही संपन्न -विधायक श्री नंद
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
अंतिम ब्लॉक स्तरीय बिहान मेला संपन्न
ढाई लाख रुपए की हुई बिक्री, बिहान दीदियों के खिले चेहरे, बिखरी मुस्कान
महासमुंद : ज़िले के महासमुंद सहित सभी पाँचों विकासखंडों में अलग-अलग तारीख़ों में किए जा रहे बिहान मेला का आज अंतिम बिहान मेला का आयोजन सरायपाली के हाईस्कूल के खेल मैदान में आयोजित हुआ। आज आयोजित मेले में स्व सहायता समूह द्वारा उत्पादित विभिन्न सामग्रियों की 2 लाख रुपए की बिक्री हुई। वही विभिन्न विभागों से कार्यालय उपयोगी सामग्री के 50 हज़ार रुपए के ऑर्डर मिलें। समूह की महिलाओं के चेहरे पर ख़ुशी की झलक साफ़ दिखाई दे रही थी। उनके चेहरे पर बिखरी मुस्कान। सराईपाली विधायक एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री क़िस्मतलाल नंद मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री अमृत पटेल, कलेक्टर श्री डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्री एस.आलोक सहित एस.डी.एम सरायपाली श्रीमती नम्रता जैन सहित विभिन्न विभागों के ज़िला स्तरीय अधिकारी,जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि श्री क़िस्मतलाल नंद ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्र की गरीब महिलाओं को आर्थिक रूप से संपन्न करने के लिए बिहान योजना से जोड़कर रोजगार मूलक कार्य उपलब्ध करा रही है। इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी में खुशहाली लाई है साथ ही स्वसहायता समूह के रूप में संगठित कर उन्हें क्षमतावर्धन आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर स्वरोजगार प्रदान किया जा रहा है। आज महिलाएं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से जुड़कर स्वरोजगार की ओर अग्रसर होकर अपने सपने को साकार कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने की एक अनूठी पहल है। इस योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों को कौशल विकास उन्नयन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे महिलाएं स्वरोजगार प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। जिससे स्वसहायता समूह की महिलाओं की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ हो सकें।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने बनाए गए स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की तारीफ़ करते हुए कहा कि स्थानीय खान-पान का अपना अलग ही स्वाद होता है। इसमें माटी की महक होती है। उन्होंने सामग्री की पैकेजिंग पर और ध्यान देने की ज़रूरत बतायी। उन्होंने कहा कि महासमुंद ज़िले के सभी पाँचों विकासखंडों में बिहान मेला का आयोजन किया गया है। जहां अच्छी बिक्री हुई। लोग आपके द्वारा बनायी गई सामग्रियों से रु-ब-रु हुए और उन्होंने ख़रीददारी भी की है। बिहान मेले का मक़सद बताते हुए कहा कि समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों के बिक्री को और बढ़ावा मिले उन्हें एक अच्छा मार्केट मिले, लोग उनके हाथों के हुनर से वाक़िफ़ हों । कलेक्टर ने कहा बिहान मेला महासमुंद विकासखंड से शुक्रवार 12 नवंबर से शुरू हुआ था। इस मेले में समूह द्वारा बनाई गई विभिन्न सामग्रियों की बिक्री की गयी। महासमुंद में पहले दिन डेढ़ लाख रुपए की बिक्री हुई। वही बागबाहरा में 1 लाख 52 हज़ार और पिथौरा में 45 हज़ार के विभिन्न उत्पादनों की बिक्री हुई सरकारी कार्यालयों के लिए बिहान समूह की महिलाओं को ऑर्डर मिले। सभी बिहान मेला में सैलानियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। उन्होंने महासमुंद जिला मुख्यालय में 19 नवंबर को आयोजित ज़िला स्तरीय बिहान मेला में समूह की महिलाओं को आमंत्रित किया।
उन्होंने कहा कि इन बिहान मेला में लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला। लोगों ने रसोई उपयोगी सामग्री, सजावटी सामान और बाथरुम में उपयोगी सामग्री ख़रीदी। बिहान मेला में अधिकारियों ने कार्यालय में उपयोगी सामग्री की ख़रीदी की। अतिथियों द्वारा बिहान समूह के सभी स्टॉलो का अवलोकन किया। आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी लुफ़्त उठाया। मुख्य अतिथि श्री नंद ने सांस्कृतिक दल को विधायक निधि से पंद्रह हज़ार रुपए का राशि दी। बिहान समूह की दीदियों के द्वारा हस्तनिर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों के बारिकियाँ तथा उनके द्वारा उत्पादित सामग्रियों की ऑनलाईन बिक्री की प्रक्रिया आदि के बारे में भी विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। बिहान मेला में नागरिकों का प्रवेश निशुल्क था। जिला स्तरीय बिहान मेला 19 नवम्बर को जिला मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा।
Leave A Comment