ब्रेकिंग न्यूज़

कोरबा : जिले में 24 जुलाई तक मनाया जाएगा जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा

 द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा 

 
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा परिवार नियोजन के साधन एवं जागरूकता के बारे में किया जाएगा प्रचार-प्रसार

कोरबा : स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के बारे में जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से  जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 24 जुलाई तक मनाया जाएगा। जिले के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनो द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन के साधनों केेेेे बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही परिवार नियोजन के साधनों का वितरण भी किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा 10 जुलाई तक एवं द्वितीय चरण में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 24 जुलाई तक मनाया जाएगा। पहला चरण का आयोजन परिवार नियोजन से संबंधित सभी प्रकार के साधनो के महत्व के बारे में जागरूकता लाने के लिए किया जा रहा है। दूसरे चरण में महिला एवं पुरूष नसबंदी एवं परिवार नियोजन के अन्य साधनों का वितरण एवं परामर्श दिया जाएगा। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का आयोजन सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए किया जा रहा है। इसके अंतर्गत परिवार नियोजन की स्थाई एवं अस्थाई साधनों की जानकारी लोगों को दी जाएगी एवं साधनों की सेवा समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध रहेगी। दूसरे चरण में लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई संसाधनों में आई यू सी डी. निवेशन, गर्भ निरोधक इंजेक्शन, एमपीए माला एवं छाया गोली प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2021-22 में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के लिए स्लोगन ‘‘आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी’’ है। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. बी. बी. बोडे ने बताया कि जनजागरूकता के लिए लोगों को सही समय में विवाह, जन्म अंतराल, प्रसव उपरांत परिवार नियोजन में पूर्ण सहभागिता आदि के बारे में परामर्श दिया जा रहा है। समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों में परिवार नियोजन से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री जैसे कि पंपलेट आदि का वितरण किया जा रहा है। डाॅ. बोडे ने बताया कि जनसंख्या स्थिरीकरण के दूसरे चरण के अंतर्गत 11 जुलाई से परिवार नियोजन से संबंधित साधन ओरल पिल्स, कंडोम, अंतरा आदि का वितरण भी किया जाएगा। जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में महिला स्वास्थ्यकर्ताओं एवं मितानिनो द्वारा हितग्राहियों को उनकी पसंद के अनुसार परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला चिकित्सालय कोरबा में महिला एवं पुरूष नसबंदी की सेवाएं प्रदान की जाएगी। विकासखण्ड स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाली एवं कटघोरा में महिला नसबंदी परिवार नियोजन के स्थाई साधन की सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook