जनसरोकारों को संकल्प के साथ पूरा करना और राज्य में तेजी से विकास कार्यों को साकार करना शासन की पहली प्राथमिकता: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिलेवासियों को दी ₹140 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक की विकासात्मक सौगात
बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 47 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन संपन्न
मुख्यमंत्री का बेमेतरा विधानसभा में प्रथम आगमन, जिलेवासियों में दिखा उत्साह और उल्लास
अमोरा मे बैराज सिचाई सुविधा, बसनी मे मिडिल स्कूल एवं 33/11 केवी विद्युत् उपकेंद्र सहित विभिन्न कार्यों कि स्वीकृति कि दी सौगात
बेमेतरा : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आज पहली बार बेमेतरा विधानसभा में आगमन हुआ। उनके आगमन पर जिलेवासियों में अभूतपूर्व उत्साह और उमंग देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने प्रथम प्रवास को जिलेवासियों के लिए अविस्मरणीय बनाते हुए ₹140 करोड़ 96 लाख 09 हजार रुपये से अधिक की विकासात्मक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 47 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, जिसमें 27 कार्यों का भूमिपूजन एवं 20 कार्यों का लोकार्पण शामिल था। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांस्कृतिक मंत्री राजेश अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल, छग रजक कर बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, पंडरिया विधायक भावना बोहरा बेमेतरा विधायक दीपेश साहू साजा विधायक ईश्वर साहू, आईजीपी दुर्ग रेंज दुर्ग श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर रणबीर शर्मा, एसएसपी रामकृष्ण साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता, जिला पंचायत के अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी जनपद पंचायत की अध्यक्ष हेमा जयप्रकाश, जिला अध्यक्ष अजय साहू, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, ओमप्रकाश जोशी, एवं स्थानीय व जिले के जनप्रतिनिधि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी/कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं जिले के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शिता और जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य राज्य में तेजी से विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद से ही जनता से किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया है और 18 लाख आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रति माह ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्राहकों से ₹6500 प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी की जा रही है तथा आम नागरिकों को अयोध्या तीर्थधाम का दर्शन कराने का अवसर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि शासन पारदर्शिता और संकल्पबद्धता के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं, जिससे जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख मांगों को पूरा करते हुए ग्राम अमोरा में शिवनाथ नदी पर बैराज निर्माण एवं जलसिंचाई सुविधा विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही ग्राम बसनी में मिडिल स्कूल स्थापना की भी घोषणा की, जिससे ग्रामीण अंचलों में शिक्षा और सिंचाई दोनों क्षेत्रों में नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने और किसानों को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विभागीय प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन, योजनाओं की सराहना की
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम से पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय स्टालों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, जिला पंचायत, क्रेडा (पीएम सूर्य घर योजना), महिला एवं बाल विकास, लोक सेवा केंद्र और प्राथमिक सहायता केंद्र सहित कई विभागों के स्टालों का भ्रमण किया।
प्रदर्शनी में कृषि विभाग द्वारा आधुनिक कृषि उपकरण, उन्नत बीज, जैविक खाद और प्राकृतिक खेती की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
उद्यानिकी विभाग द्वारा फल, सब्जी, फूल उत्पादन एवं पौधशालाओं के मॉडल प्रदर्शित किए गए, जिनकी मुख्यमंत्री ने सराहना की। मत्स्य विभाग के स्टॉल में आधुनिक मत्स्य पालन तकनीक, जाल निर्माण और तालाब आधारित मत्स्य उत्पादन के मॉडल रखे गए थे।
क्रेडा विभाग के “प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना” स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने विशेष रुचि दिखाते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करेगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर “पोषण अभियान”, “प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना” और “हमर स्वस्थ लइका” जैसी योजनाओं का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की और आत्मनिर्भरता के इस मॉडल को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। लोक सहायता केंद्र और प्राथमिक सहायता केंद्रों में आयुष्मान कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, आधार जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केंद्र शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं।
अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने विभागीय कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को योजनाओं की अधिकतम पहुँच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने साझा किया विकास का संकल्प
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों की नई गति आई है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता में रखकर काम कर रही है। खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन कर रही है, जिससे कोई भी परिवार भूखा नहीं रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए वादों को पूरी निष्ठा से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जैसे ग्रामीण जिलों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे आमजन को राहत और सुविधाएं मिल रही हैं। विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का बेमेतरा विधानसभा में यह पहला दौरा ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दी गई विकास की सौगातें जिले को प्रगति की नई दिशा देंगी और हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने कहा कि शासन की मंशानुरूप जिला प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि योजनाओं का लाभ शीघ्र जनता तक पहुँच सके।
विकास कार्यों का संक्षिप्त विवरण
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कुल 47 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत ₹140 करोड़ 96 लाख 09 हजार रुपये रही। जल संसाधन विभाग के 8 कार्य ₹30.64 करोड़। लोक निर्माण विभाग के 9 कार्य ₹71.07 करोड़, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 2 कार्य ₹13.03 करोड़। जनपद पंचायतों, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अनेक कार्य ₹25 करोड़ से अधिक की लागत से पूरा जिले में विकास का नया अध्याय प्रारंभ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं बेमेतरा जिले के ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, पेयजल और शिक्षा सुविधाओं के व्यापक विस्तार की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने की नई घोषणाएँ - अमोरा में बैराज एवं सिंचाई सुविधा, बसनी में मिडिल स्कूल की सौगात
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बेमेतरा प्रवास के दौरान जिलेवासियों को कई नई विकासात्मक घोषणाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक गाँव को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा सके। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बेमेतरा विकासखंड के ग्राम अमोरा में बैराज निर्माण एवं सिंचाई सुविधा विस्तार की घोषणा की। इस परियोजना के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा और सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे किसानों को रबी एवं खरीफ दोनों फसलों की बेहतर उत्पादन संभावनाएँ मिलेंगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय ने बेमेतरा वी.स. में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की भी घोषणा की, जिससे ग्रामीण अंचलों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि बिजली गाँवों की प्रगति की रीढ़ है, और राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर खेत, हर घर तक विश्वसनीय बिजली पहुँचे। मुख्यमंत्री ने आगे ग्राम बसनी में नवीन मिडिल स्कूल की स्थापना की घोषणा करते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास की असली आधारशिला है। नए विद्यालय से आसपास के गाँवों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधा उपलब्ध होगी और उन्हें अब दूरस्थ स्थानों पर पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता गाँव-गाँव तक शिक्षा, सिंचाई, ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाएँ पहुँचाने की है। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिले में किए जा रहे विकास कार्य प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे। अमोरा एवं बसनी की घोषणाओं के साथ मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में हुआ हितग्राही सम्मेलन, योजनाओं के लाभार्थियों को मिला सम्मान और सहयोग
कार्यक्रम के दौरान हितग्राही सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप चेक और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मंच से ही हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ का प्रतीक स्वरूप चेक एवं चाबियाँ प्रदान कीं। इस अवसर पर वय वंदन योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को लाभ प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को गृह प्रवेश की चाबियाँ सौंपी गईं। वहीं, महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह को ₹3 लाख की राशि का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शासन की योजनाएं तभी सार्थक हैं जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)


.jpg)



.jpeg)
.jpeg)



.jpg)

.jpg)
Leave A Comment