मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
गांव-गांव में भ्रमण कर महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों के प्रति किया जाएगा जागरूक
बेमेतरा : बेमेतरा में महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए आज सोमवार को ’मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ’ को रवाना किया गया। कलेक्टर श्री पदुम सिंह एल्मा के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत अध्यक्ष रेवती साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से कलेक्टोरेट परिसर से ’बात है अभिमान के, महिला मन के सम्मान के’ सूत्र वाक्य के साथ मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर राज्य की महिलाओं सहित बेमेतरा जिले के महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों और कानूनों की जानकारी देकर जागरूक करने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से यह न्याय रथ यात्रा शुरू की गई है।