ब्रेकिंग न्यूज़

 कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने गणतंत्र दिवस के पूर्वाभ्यास का किया अवलोकन, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा 

बलरामपुर : जिला मुख्यालय बलरामपुर में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2023 के मुख्य समारोह का आयोजन भव्य तथा गरिमापूर्ण हो, इस हेतु पुलिस के जवानों तथा स्कूली बच्चों द्वारा पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेना जमील ने आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। गौरतलब है कि 74 वां गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाईन के परेड मैदान में आयोजित किया जायेगा, जिसमें महिला बाल विकास विभाग की संसदीय सचिव डॉ. रश्मि आशीष सिंह ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगी।
 
 
पूर्वाभ्यास के दौरान प्रतीकात्मक रूप से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेना जमील ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड कमांडर द्वारा मुख्य अतिथि को परेड निरीक्षण हेतु रिपोर्ट किया गया। तत्पश्चात् मुख्य अतिथि ने परेड निरीक्षण वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. व पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग भी उनके साथ रहे। परेड निरीक्षण के पश्चात् मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री के संदेश का प्रतीकात्मक वाचन किया। इस दौरान पुलिस के जवानों द्वारा राष्ट्रगान के धुन पर तीन बार हर्ष फायर किया गया। पुलिस के जवानों एवं स्कूली बच्चों ने पूर्ण गणवेश में मार्च पास्ट किया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग ने आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिये।
 
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री एस.एस. पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री प्रशांत कतलम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री भरत कौशिक, डिप्टी कलेक्टर श्री अनमोल विवेक टोप्पो सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook